आगामी खेल आयोजनों से दक्षिण अफ्रीका की छवि निखरेगी
प्रीटोरिया, 18 अप्रैल(आईएएनएस)। अगले कुछ महीनों तक दक्षिण अफ्रीका कई रोमांचक व महत्वपूर्ण खेल आयोजनों की मेजबानी में व्यस्त रहेगा और निश्चित तौर पर इससे इस देश के पसंदीदा अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजन स्थल के तौर पर पहचान कायम करने में मदद मिलेगी।
इस सप्ताहांत यहां आईपीएल सीरीज शुरू होगी। इसके बाद ब्रिटिश लायंस रग्बी मैच और बेहद प्रतिष्ठित चैम्पियंस ट्राफी का आयोजन किया जाएगा। सरकारी प्रवक्ता थेम्बा मासेको ने बुआन्यूज से बात करते हुए कहा, "ऐसे आयोजनों से दक्षिण अफ्रीका को शीर्ष खेल आयोजक देश के तौर पर उभरने का मौका मिलेगा। इससे अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी का हमारा दावा मजबूत होगा।"
आईपीएल के आयोजकों का कहना है कि दक्षिण अफ्रीका ने प्रथम 20/20 क्रिकेट विश्व कप की उत्कृष्ट तरीके से मेजबानी कर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। मसेको ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने साउथ अफ्रीकन रग्बी यूनियन को रग्बी विश्व कप की मेजबानी की दावेदारी के लिए अधिकृत किया है।
दक्षिण अफ्रीका फीफा विश्व कप 2010 आयोजन समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डैनी जॉर्डन कहते हैं, "आईपीएल से हमें न सिर्फ आर्थिक फायदा होगा, बल्कि खेल आयोजन की दुनिया में हमारी साख भी मजबूत होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications