कोलंबो टेस्ट : लक्ष्मण और रैना पेवेलियन लौटे (लीड-2)
भारतीय टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 325 रन बना लिए हैं। वह श्रीलंका की पहली पारी के स्कोर 425 रनों से अभी भी 143 रन पीछे है। रैना ने 64 रन बनाए जबकि लक्ष्मण 56 रन बनाकर पेवेलियन लौटे।
रैना ने अपनी 111 गेंदों की पारी में 10 चौके लगाए जबकि लक्ष्मण ने अपेक्षाकृत तेज पारी खेलते हुए 97 गेंदों पर सात चौके जड़े। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 105 रन जोड़े।
रैना और लक्ष्मण को असंथा मेंडिस ने आउट किया। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने अभी खाता नहीं खोला है जबकि अभिमन्यु मिथुन दो रन बनाकर खेल रहे हैं।
खराब रोशनी के कारण दूसरे दिन का खेल दो ओवर पहले ही समाप्त कर दिया गया। खेल खत्म किए जाने तक भारतीय टीम ने दो विकेट खोकर 180 रन बना लिए थे। वीरेंद्र सहवाग 97 और सचिन तेंदुलकर 40 रन पर नाबाद लौटे थे।
तीसरे दिन सहवाग ने सफलतापूर्वक अपने करियर का 21वां शतक पूरा किया लेकिन तेंदुलकर पिछले दिन के अपने स्कोर में एक रन जोड़ने के बाद पेवेलियन लौट गए।
तेंदुलकर को लसिथ मलिंगा ने आउट किया जबकि 105 गेंदों पर 19 चौकों की मदद से 109 रन बनाने वाले सहवाग सूरज रांडीव की गेंद पर चनाका वेलेगेदारा के हाथों लपके गए। सहवाग ने बुधवार को टेस्ट मैचों में 7000 रन पूरे किए थे।
सहवाग ने 70 रनों का व्यक्तिगत योग पार करते ही टेस्ट मैचों में 7000 रनों का आंकड़ा छुआ था। इस दौरान उन्होंने 21 शतक और 22 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वोच्च योग 319 रन रहा है। सहवाग भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं।
उनके नाम दो तिहरे शतक दर्ज हैं। उन्होंने पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तिहरे शतक लगाए हैं। 'नजफगढ़ के तेंदुलकर' नाम से मशहूर सहवाग 7000 या उससे अधिक टेस्ट रन बनाने वाले छठे भारतीय हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सुनील गावस्कर, वी.वी.एस. लक्ष्मण और सौरव गांगुली ने इस आंकड़े को छुआ है।
इससे पहले, प्रज्ञान ओझा (115/4) और ईशांत शर्मा (72/3) की उम्दा गेंदबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने श्रीलंका की पारी 425 रनों पर समेट दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही मेजबान टीम के लिए मध्यक्रम के बल्लेबाज थिलन समरवीरा ने सर्वाधिक 137 रन बनाए।
समरवीरा ने अपनी नाबाद पारी के दौरान 288 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके और एक छक्का लगाया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने चार विकेट खोकर 293 रन बनाए थे।
तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बनाए हुए है। उसने गॉल में खेला गया पहला टेस्ट मैच 10 विकेट से जीता था जबकि कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला गया दूसरा टेस्ट मैच बेनतीजा समाप्त हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications