तीसरे तेज गेंदबाज को लेकर असमंजस में है भारतीय खेमा
हेमिल्टन, 17 मार्च (आईएएनएस)। पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में न्यूजीलैंड को पराजित करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब पांच दिवसीय मैच के 'मूड' में आ चुकी है लेकिन सिडन पार्क की घासयुक्त पिच पर उसका तीसरा तेज गेंदबाज कौन होगा, इसे लेकर असमंजस की स्थिति कायम है।
भारतीय आक्रमण की शुरुआत जहीर खान करेंगे और दूसरे छोर पर ईशांत शर्मा उनका साथ देंगे लेकिन तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में मुनाफ पटेल को आजमाया जाए या फिर लक्ष्मीपति बालाजी को, इसे लेकर टीम प्रबंधन पशोपेस में पड़ा है।
मुनाफ ने न्यूजीलैंड में खेले गए तीन एकदिवसीय मैचों में निराश किया है जबकि बालाजी ने मार्च 2005 के बाद से अब तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। बालाजी पूरी तरह फिट होकर टीम में लौटे हैं। उन्होंने घरेलू मैचों में अच्छा प्रदर्शन कर टीम में अपने लिए स्थान बनाया है।
मुनाफ के उलट बालाजी सीमर हैं लेकिन परिस्थिति के हिसाब से उनकी स्विंग गेंदबाजी भी टीम के लिए काफी कारगर साबित हो सकती है। इस लिहाज से उन्हें नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा।
दूसरी ओर, मुनाफ का चोट के कारण अंदर-बाहर होते रहना आम बात हो गया है। हालांकि उछाल लेती पिचों पर वह काफी कारगर साबित हो सकते हैं। अपनी लंबाई का फायदा उठाकर वह बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं इस लिहाज से मुनाफ भी तीसरे तेज गेंदबाज के स्थान के लिए तगड़ी दावेदारी पेश करते नजर आ रहे हैं।
कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने कहा है कि हेमिल्टन का मौसम पहले टेस्ट मैच में सीमरों के लिए मददगार साबित होगा। कप्तान के मुताबिक सिडन पार्क में पिच से अधिक हालात सीमरों के अनुकूल माहौल पैदा करेगा, जिसके कारण गेंद को आसानी से घुमाया जा सकेगा।
कप्तान का यह आकलन अगर बुधवार को मैच शुरू होने तक कायम रहता है तो भारतीय टीम बालाजी के साथ उतरना पसंद करेगी क्योंकि उनके अंदर हालात के मुताबिक गेंदबाजी करने की कला है। उनमें तेजी भी है और वह गेंद को अच्छी तरह स्विंग भी करा सकते हैं। हालांकि लंबे समय तक टीम से बाहर रहना उनके रास्ते में रोड़ा बन सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications