Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

ट्वेंटी-20 विश्व कप: टीम इंडिया की शर्मनाक विदाई (लीड-3)

सेंट लूसिया/नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। ट्वेंटी-20 विश्व कप में मंगलवार को श्रीलंका के हाथों मिली हार के बाद भारतीय टीम की इस बड़े टूर्नामेंट से शर्मनाक विदाई हुई। इस करारी विफलता के बावजूद भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी यह नहीं मानने को तैयार नहीं दिखते कि टीम के इस लचर प्रदर्शन की एक वजह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) भी है। दूसरी ओर से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा है कि टीम उसकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी।

सेंट लूसिया में मंगलवार को भारतीय टीम के पास श्रीलंका को हराने के सिवाय कोई दूजा चारा नहीं था। परंतु ऐसा नहीं हो सका। इसके उलट श्रीलंकाई टीम ने भारतीय टीम को पूरे पांच विकेट से मात दे दी। भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 164 रनों का लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य को श्रीलंका टीम ने बेहरीन अदांज में हासिल किया। श्रीलंका को मैच जीतने के लिए आखिरी गेंद पर तीन रन की जरूरत थी और चमाका कापूगेदारा ने छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।

भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत में श्रीलंकाई बल्लेबाजों को परेशान किया। महज चार रन बनाकर माहेला जयवर्धने आउट हुए तो लगा कि भारतीय टीम बदली-बदली है। परंतु कुछ ही देर में यह मिथक साबित हो गया। धौनी न सिर्फ बल्ले से ढीले दिखे बल्कि उन्होंने एक कैच टपकाकर खुद पर बने दबाव को जगजाहिर कर दिया। वैसे श्रीलंका की जीत की इबारत एंजेलो मैथ्यूज ने सर्वाधिक 46 रन बनाकर लिख दी। मैथ्यूज को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।

इससे पहले भारतीय टीम ने 20 ओवरों में 163 रन बनाए। भारत की ओर से सुरेश रैना ने सर्वाधिक 63 रनों की पारी खेली। उनके अलावा गौतम गंभीर ने भी 41 रनों का योगदान दिया। कप्तान धौनी ने बल्लेबाजी में उस लय को नहीं दिखाया जिसकी जरूरत थी। उनकी बल्लेबाजी से ऐसा नहीं लगा कि वह श्रीलंका के सामने बड़े से बड़ा लक्ष्य रखना चाहते हों। उनके बल्ले से 19 गेंदो में सिर्फ 23 रन निकले। इस पारी उन्होंने एक चौका भी नहीं जड़ा हालांकि एक छक्का उन्होंने जरूर लगाया।

कप्तान ही नहीं टीम के कई धुरंधर भी श्रीलंकाई गेंदबाजी के सामने लाचार नजर आए। दिनेश कार्तिक ने 13 और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में बल्ले से जलवा दिखाने वाले यूसुफ ने भी सिर्फ 13 रन बनाए। मध्यक्रम की रीढ़ माने जाने युवराज सिंह ने महज एक रन बनाया।

भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर आईपीएल की थकावट भले ही साफ दिखी हो लेकिन टीम के कप्तान धौनी हार के लिए आईपीएल को बिल्कुल भी जिम्मेदार नहीं मानते। उन्होंने इतना जरूर कहा कि आईपीएल मैचों के बाद होने वाली पार्टियों व एक शहर से दूसरे शहर जाने के कारण खिलाड़ियों की फिटनेस प्रभावित हुई।

श्रीलंका के साथ मैच हारने के बाद धौनी ने संवाददाताओं से कहा, "हमने इस मैच में अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन नहीं किया। आखिर के चार-पांच ओवरों में श्रीलंकाई गेंदबाजी काफी अच्छी रही और हम लोग उम्मीद से कम स्कोर पर थम गए। हमारी टीम को कई बिंदुओं पर सुधार करना होगा।"

वेबसाइट 'ईएसपीएन स्टार डॉट कॉम' के अनुसार भारतीय कप्तान ने कहा, "हमारी टीम के ज्यादातर खिलाड़ी फिट थे। परंतु हमें और भी चुस्ती दिखाने की जरूरत थी। आईपीएल के दौरान पार्टियां और फिर आना-जाना थकाने वाला रहा। मैचों के अलावा भी इन वजहों से फिटनेस पर असर जरूर पड़ा।"

धौनी ने टीम के लचर प्रदर्शन के लिए आईपीएल को सीधे तौर पर जिम्मेदार मानने से इंकार किया। उन्होंने कहा, "मैं यह नहीं कहूंगा कि आईपीएल की वजह से हमारी तैयारियों को धक्का लगा। सच्चाई यह है कि इस टूर्नामेंट की वजह से हमें विश्व कप के लिए तैयारी करने में मदद मिली। आईपीएल कई प्रतिभाओं को निखारने में मददगार रहा है।"

टीम के इस निराशाजनक प्रदर्शन पर बीसीसीआई की मीडिया इकाई के प्रमुख राजीव शुक्ला ने कहा, "टीम का प्रदर्शन बोर्ड की अपेक्षाओं के अनुसार नहीं रहा। टीम प्रबंधन की रिपोर्ट मिलने के बाद बीसीसीआई हर जरूरी कदम उठाएगी ताकि भविष्य में ऐसा प्रदर्शन न दोहरया जाए।"

टीम के व्यस्त कार्यक्रमों और खिलाड़ियों की थकावट पर कप्तान धौनी की टिप्पणी पर शुक्ला ने कहा, "मैं नहीं जानता कि धौनी ने वास्तव में क्या कहा है। इसलिए मैं इस पर टिप्पणी नहीं करूंगा। अगर खिलाड़ी थका हुआ महसूस करते हैं तो उनके पास यह विकल्प है कि वे चयनकर्ताओं को आराम करने के लिए कह सकते हैं। इसके बाद उनकी जगह किसी और को टीम में शामिल कर लिया जाएगा।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:36 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+