मुरली ने गॉल अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में भारत के साथ पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन गुरुवार को भारत के अंतिम बल्लेबाज प्रज्ञान ओझा का विकेट लेने के साथ यह मील का पत्थर स्थापित किया।
स्मिथ ने 'ट्विटर' पर जारी अपने संदेश में लिखा है, "800 विकेट लेकर मुरली ने मील का पत्थर स्थापित किया है। उनका करियर शानदार रहा है। वह एक उम्दा इंसान हैं। मैं इस बात को लेकर खुश हूं कि अब मुझे टेस्ट क्रिकेट में उनका सामना नहीं करना पड़ेगा।"
इस मुकाम पर मुरली के अलावा और कोई गेंदबाज नहीं पहुंच सका है। वह विश्व के एकमात्र ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों में 1000 से अधिक विकेट लिए हैं।
मुरली ने 133 टेस्ट मैचों में अब तक कुल 800 विकेट झटके हैं जबकि 337 एकदिवसीय मैचों में उनके नाम 515 विकेट दर्ज हैं। मुरली के नाम कुल 1328 विकेट हैं।
28 अगस्त 1992 को आस्ट्रेलिया के खिलाफ कोलंबो में अपने करियर का पहला टेस्ट मैच खेलने वाले मुरली ने टेस्ट मैचों में सर्वाधिक 67 बार पारी में पांच और 22 बार मैच में दस विकेट झटके हैं। इसके अलावा 11 ट्वेंटी-20 मैचों में उन्होंने 13 विकेट झटके हैं।
मुरली ने मई 2004 में वेस्टइंडीज के कोर्टन वाल्श का 519 विकेटों का विश्व रिकार्ड ध्वस्त किया था। लंबे समय तक आस्ट्रेलिया के शेन वार्न उनके प्रतिद्वंद्वी बने रहे लेकिन दिसंबर 2007 में उनके संन्यास के साथ मुरली सर्वाधिक विकेट लेने की दौड़ में अकेले धावक रह गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।