अमेरिकी ओपन के पहले दौर में हार का सामना करने वाले सोमदेव को 15 स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। अमेरिकी ओपन के शुरू होने से पहले वह 97वें स्थान पर थे लेकिन अब वह 113वें स्थान पर खिसक गए।
सोमदेव ने बीते महीने अपने करियर का अब तक का सर्वोच्च मुकाम हासिल करते हुए 94वें क्रम पर पहुंचने का कारनामा किया था लेकिन एक सप्ताह के भीतर ही वह शीर्ष-100 से बाहर हो गए थे। अगले सप्ताह उन्होंने फिर से शीर्ष-100 में वापसी की।
अमेरिकी ओपन के युगल मुकाबलों के फाइनल में जगह बनाने वाले भारत की डेविस कप टीम के सदस्य रोहन बोपन्ना और उनके पाकिस्तानी साथी एहसाम उल हक कुरैशी को युगल वरीयता क्रम में 14 स्थान का फायदा हुआ है।
यह जोड़ी अब 19वें स्थान पर पहुंच गई है। बोपन्ना और कुरैशी को अमेरिकी ओपन के फाइनल में अमेरिका के ब्रायन बंधुओं से हार का सामना करना पड़ा था।
अमेरिकी ओपन के युगल मुकाबलों में खराब प्रदर्शन के कारण भारत के दिग्गज युगल विशेषज्ञ खिलाड़ी लिएंडर पेस और महेश भूपति का भी वरीयता क्रम प्रभावित हुआ है।
युगल विशेषज्ञ भूपति लम्बे समय बाद शीर्ष-10 से बाहर होते हुए 13वें क्रम पर पहुंच गए हैं जबकि पेस को दो स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। वह आठवें क्रम पर पहुंच गए हैं।
महिला वर्ग में भारत की सानिया मिर्जा को हालांकि एक स्थान का फायदा हुआ है। सानिया महिला टेनिस संघ के वरीयता क्रम में एक स्थान चढ़कर 159वें क्रम पर पहुंच गई हैं। 2005 में सानिया 27वें पायदान तक पहुंची थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।