आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'सिडनी मार्निंग हेराल्ड' के मुताबिक गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में दिमेंतिएवा ने टूर्नामेंट की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सेरेना को 6-3, 6-1 से पराजित किया।
खिताबी मुकाबले में दिमेंतिएवा का सामना हमवतन दिनारा सफीना से होगा। टूर्नामेंट की दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सफीना ने दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में जापान की अई सुगियामा को 6-4, 7-6 (3) से पराजित किया।
मैच के बाद नौ ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकीं सेरेना ने कहा, "मेरा खेल निराशाजनक रहा। मैंने कई गलतियां कीं। मेरी गलतियों के कारण ही दिमेंतिएवा चैंपियनों की तरह खेलती दिखीं।"
दूसरी ओर, दिमेंतिएवा के साथ होने वाले खिताबी मुकाबले को लेकर सफीना ने कहा कि उन्हें बीजिंग ओलंपिक का फाइनल अब तक याद है, जहां दिमेंतिएवा ने उन्हें पराजित किया था, लिहाजा इस बार वे उस हार का हिसाब बराबर करना चाहेंगी।
उन्होंने कहा, "मैं एक रोमांचक भिड़ंत की उम्मीद कर रही हूं। ग्रैंड स्लैम से पहले दिमेंतिएवा से भिड़ने को लेकर मैं खासी रोमांचित हूं। वे एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और मेरे साथ उनकी भिड़ंत हमेशा कांटे की रही है। मैं यह खिताब जीतकर आस्ट्रेलियन ओपन में उतरना चाहती हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।