राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी द्वारा की गई घोषणा के मुताबिक मुख्य खेल आयोजनों के लिए टिकटों की कीमत 50 से 1000 रुपये के बीच है जबकि उद्घाटन समारोह के टिकट एक हजार से 50,000 रुपये के होंगे। समापन समारोह के टिकटों की कीमत 750 से 50,000 रुपये के बीच रखी गई है।
टिकटों की बिक्री आधिकारिक तौर पर शुरू करने के लिए आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि दिल्ली के राज्यपाल तेजेंदर खन्ना को आयोजन समिति की तरफ से 1000 रुपये का टिकट दिया गया।
इस आयोजन से जुड़े टिकट वेबसाइट 'टिकट्स डॉट सीडब्ल्यूजीदिल्ली2010' के माध्यम से खरीदे जा सकते हैं। इस वेबसाइट पर टिकटों के बारे में पूरी जानकारी दी गई है।
इसके अलावा दर्शक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के विभिन्न ब्रांचों और हीरो होंडा के शो-रूम से टिकट प्राप्त कर सकते हैं। इसकी विशेष जानकारी के लिए एक कॉल सेंटर स्थापित किया गया है, जिसका नंबर : 1800-200-1294 है।
टिकटों की बिक्री तीन चरणों में की जाएगी। पहले चरण में दर्शकों को टिकट के लिए पैसे देने पर एक आरक्षित वाउचर दिया जाएगा। एक अगस्त को दर्शक इस वाउचर के बदले असल टिकट प्राप्त कर सकते हैं।
एक अगस्त को टिकटों की बिक्री का दूसरा चरण शुरू होगा। इस दिन दर्शक सीधे तौर पर असल टिकट प्राप्त कर सकते हैं। दो अक्टूबर को शुरू हो रहे तीसरे चरण में दर्शक आयोजन स्थलों और अन्य बिक्री केंद्रों से टिकट ले सकते हैं।
टिकट खरीदने वाले लोगों को राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान दिल्ली मेट्रो और दिल्ली परिवहन निगम की बसें बिना किसी किराए के सिर्फ उस दिन के लिए आयोजन स्थलों तक ले जाएंगी और वहां से वापस भी लाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।