पस्त हुए चैंपियन, न्यूजीलैंड ने ट्वेंटी-20 श्रृंखला पर कब्जा जमाया (लीड-6)
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने युवराज सिंह के 50 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 149 रन बनाए, जबकि न्यूजीलैंड की टीम ने मैक्लम द्वारा अंतिम गेंद पर लिए गए एक रन की मदद से पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
न्यूजीलैंड ने क्राइस्टचर्च में बुधवार को खेले गए पहले मुकाबले में भारतीय टीम को सात विकेट से हराया था। उस मैच में भी मैक्लम ने अंत तक नाबाद रहते हुए 56 रन बनाए थे। पारी की शुरुआत करने आए मैक्लम ने अपनी 55 गेंदों की नाबाद पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया जबकि रॉस टेलर ने 25 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 27 रन बनाए।
इसके अलावा जेस राइडर ने भी 15 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 26 रनों का योगदान दिया। मार्क गुपटिल ने भी 10 रन बनाए। नेथन मैक्लम एक रन बनाकर नाबाद लौटे।
इससे पहले, भारतीय बल्लेबाजों से उम्मीद की जा रही थी वे क्राइस्टचर्च की गलतियों से सबक लेंगे लेकिन हुआ इसके उलट। छोटे मैदान पर छक्के उड़ाने और विकेट से दूर जाती गेंदों को छेड़ने के प्रयास में बल्लेबाजों ने टीम की मिट्टी पलीद कर दी। नतीजा हुआ कि महेंद्र सिंह धौनी की टीम मेजबानों के सामने महज 150 रनों का लक्ष्य रख सकी।
भारतीय टीम को हालांकि शुरुआत अच्छी मिली थी। वीरेंद्र सहवाग ने 11 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 24 रन बनाते हुए स्कोर को 3.3 ओवर में ही 29 रन तक पहुंचा दिया था लेकिन इसके बाद गौतम गंभीर (10) तथा सुरेश रैना (0) इस कामयाबी को भुना नहीं सके।
बल्लेबाजों की जल्दबाजी के कारण भारतीय टीम ने 47 रन के कुल योग पर ही अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। सहवाग 29 रन के कुल योग पर इयान ओ' ब्रायन की गेंद पर कप्तान डेनियल विटोरी द्वारा लपक गए। भारत का दूसरा विकेट रैना के रूप में गिरा। उन्हें टिम साउथी ने इयान बटलर के हाथों कैच कराया। रैना ने पहले मैच में सर्वाधिक 61 रन बनाए थे।
गंभीर ने भी विकेट पर टिकने का भरपूर प्रयास किया लेकिन बटलर की एक बाहर जाती गेंद पर गच्चा खा गए और विकेट के पीछे ब्रेंडन मैक्लम के हाथों लपके गए। गंभीर ने 13 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 10 रन बनाए। इसके बाद युवराज ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए स्कोर 94 रन तक पहुंचाया लेकिन बड़े शॉट खेलने के प्रयास में वह भी अपना विकेट गंवा बैठे। युवराज ने 34 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 50 रन बनाए।
कप्तान धौनी और इरफान पठान ने टीम के योग को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाने का प्रयास किया लेकिन न्यूजीलैंड की चुस्त फील्डिंग और अनुशासित गेंदबाजी के आगे उनका प्रयास पूरी तरह सफल नहीं हो सका। अंतिम ओवर में जुटाए गए 15 रनों की बदौलत भारत छह विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाने में सफल रहा। धौनी 30 गेंदों पर दो चौकों की मदद से नाबाद 28 रन बनाने में सफल रहे जबकि इरफान 10 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 15 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications