नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका में होने जा रहे इस साल के सबसे बड़े खेल आयोजन फीफा विश्व कप को देखने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को निमंत्रण मिला है। वहां के राष्ट्रपति जैकब जुमा ने खुद शुक्रवार को सोनिया गांधी को यह निमंत्रण दिया।
विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार जुमा ने संप्रग अध्यक्ष को यह निमंत्रण शुक्रवार शाम हुई मुलाकात के दौरान दिया। अभी हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गांधी ने इस निमंत्रण को स्वीकार किया है या नहीं। जुमा ने सोनिया गांधी को वर्ष 2012 में होने वाले अफ्रीकी नेशनल कांग्रेस के शताब्दी समारोह में आने का भी न्योता दिया है।
11 जून से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में कई बड़े देशों के राजनेता मैच देखने पहुंचेंगे। इस महासमर में करोड़ों सैलानियों के दक्षिण अफ्रीका पहुंचने की संभावना है।