एशियाई खेलों में नहीं खेलेगी भारतीय क्रिकेट टीम
बीसीसीआई ने मंगलवार को कहा कि वह 12 से 27 नवंबर तक होने वाले एशियाई खेलों के लिए अपनी पुरुष और महिला टीमों को चीन नहीं भेजेगा। पुरुष टीम को नवंबर में न्यूजीलैंड की मेजबानी करनी है।
बीसीसीआई के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रत्नाकर शेट्टी ने कहा, "हम अपनी पुरुष और महिला टीमों को चीन भेजने की स्थिति में नहीं हैं। अंतर्राष्ट्रीय व्यस्तताएं हमारे आड़े आ रही हैं। हमने इस संबंध में भारतीय ओलंपिक संघ को जानकारी दे दी है।"
विश्व डोपिंग निरोधी इकाई (वाडा) के विवादास्पद 'ठिकाना बताओ नियम' के कारण भी भारतीय क्रिकेट टीमों का एशियाई खेलों जैसे आयोजनों में हिस्सा लेना मुश्किल लग रहा है।
भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों ने वाडा के इस नियम को लेकर करार पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया था जबकि बीसीसीआई ने अपने खिलाड़ियों का समर्थन करते हुए इस नियम को गोपनीयता भंग करने वाला करार दिया था।
सबसे खास बात यह है कि एशिया महाद्वीप के चार टेस्ट खेलने वाले देशों-भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश द्वारा अपनी-अपनी श्रेष्ठ टीमों को खेलने के लिए भेजने के वादे के बाद ही एशियाई ओलंपिक संघ ने इन खेलों में क्रिकेट को शामिल किया है।
ऐसे में जबकि भारत ने अपनी टीम एशियाई खेलों के लिए भेजने से मना कर दिया है, बहुत कम उम्मीद है कि श्रीलंका और पाकिस्तान अपनी टीमें चीन भेंजे क्योंकि इस दौरान इन दोनों टीमों का कार्यक्रम भी काफी व्यस्त है।
पाकिस्तान को 25 अक्टूबर से 25 नवंबर के बीच दक्षिण अफ्रीका के साथ टेस्ट तथा एकदिवसीय श्रृंखला खेलनी है जबकि उस दौरान श्रीलंकाई टीम वेस्टइंडीज की मेजबानी करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications