शेन वार्न को कोच बनाना चाहते हैं आस्ट्रेलियाई : सर्वेक्षण (लीड-1)
इन दिनों पोंटिंग और उनकी टीम को मिल रही एक के बाद एक हार ने आस्ट्रेलियाई क्रिकेट को संकट में डाल दिया है। लगातार तीन विश्व कप जीतने वाली यह टीम न सिर्फ भारत बल्कि श्रीलंका से भी हार चुकी है। इस टीम में पहले जैसा जुझारूपन नहीं रहा। टीम के अहम खिलाड़ी माइकल क्लार्क भी यह बात स्वीकार कर चुके हैं
स्थानीय समाचार पत्र 'द संडे टेलीग्राफ' अपने पाठकों के जरिए एक सर्वेक्षण भी कराया है जिसके नतीजे रविवार को प्रकाशित किए गए। इस सर्वेक्षण में सबसे बड़ा सवाल यही था, "क्या आस्ट्रेलियाई क्रिकेट संकट से इस दौर से निकल पाएगा?" अखबार ने पाठकों से पूछा था, "क्या आस्ट्रेलिया इस बार एशेज जीत पाएगा? क्या इन दिनों बहुत क्रिकेट खेला जा रहा है? क्या आप मानते हैं कि पोंटिंग को एशेज में आस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करनी चाहिए? क्या अगला कप्तान माइकल क्लार्क को होना चाहिए? टेस्ट मैचों में आस्ट्रेलिया के पिछड़ने के लिए कौन जिम्मेदार है? "
इस पत्र ने ऐसे कई सवालों को पाठकों की राय जानने के लिए सामने रखा था। इस सर्वेक्षण के मुताबिक 47.2 फीसदी लोगों ने कहा कि वार्न को ही राष्ट्रीय टीम का कोच नियुक्त किया जाना चाहिए। मौजूदा कोच निल्सन में सिर्फ 18 फीसदी लोगों ने अपना भरोसा जताया।
सर्वेक्षण में एक सवाल यह भी था कि टीम की मौजूदा हालत के लिए कौन जिम्मेदार है? लगभग 47 फीसदी पाठकों ने माना कि टीम के निरंतर हारने के लिए सबसे बड़े जिम्मेदार चयनकर्ता हैं। 14 फीसदी लोगों ने गेंदबाजों को जिम्मेदार ठहराया जबकि लगभग आठ फीसदी लोगों ने रिकी पोंटिंग को टीम के खराब प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार माना।
हाल के दिनों में आस्ट्रेलियाई टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। पिछले दिनों भारत दौरे पर पोंटिंग और उनके साथियों को टेस्ट श्रृंखला में टीम इंडिया के हाथों 0-2 की करारी हार का सामना करना पड़ा था। अब 25 नवंबर से आरंभ हो रही एशेज श्रृंखला में भी इंग्लैंड के हावी रहने की संभावना जताई जा रही है। सर्वेक्षण में लगभग 28 फीसदी लोगों ने माना की माइकल क्लार्क की तुलना में कैमरून व्हाइट बेहतर कप्तान हो सकते हैं।
इस सर्वेक्षण में टेस्ट क्रिकेट को लेकर भी एक महत्वपूर्ण बात सामने आई। सर्वेक्षण में एक सवाल यह भी था कि आप क्रिकेट के किस स्वरूप को देखना पसंद करते हैं? इसके जवाब में 68 फीसदी से अधिक लोगों ने टेस्ट को अपनी पहली पसंद बताया। दूसरी ओर सिर्फ 14 फीसदी लोगों को फटाफट क्रिकेट यानी ट्वेंटी 20 पसंद है जबकि 16 फीसदी से अधिक लोगों ने माना कि वे 50-50 ओवरों का क्रिकेट देखना पसंद करते हैं।
मौजूदा समय में टेस्ट मैचों को लेकर कई लोग अपनी चिंता जाहिर कर चुके हैं। परंतु सर्वेक्षण से साफ है कि डॉन ब्रेडमैन के इस देश में आज भी टेस्ट क्रिकेट की कद्र सबसे ज्यादा है। यह न सिर्फ आस्ट्रेलियाई क्रिकेट बल्कि विश्व क्रिकेट के लिए संतोषजनक बात है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications