भारतीय गेंदबाजों से जूझ रहे हैं श्रीलंकाई बल्लेबाज (लीड-6)
257 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही मेजबान टीम ने 35 ओवर के खेल में 3.90 के औसत से रन बटोरे हैं जबकि अब उसे 8 के औसत से रन बटोरने की जरूरत है।
खबर लिखे जाने तक थिलिना केनडैंबी 50 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि कापूगदेरा 17 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे। कप्तान जयवर्धने 75 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुए उन्हें प्रज्ञान ओझा की गेंद पर पठान ने कैच किया।
श्रीलंका ने सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान (8), सनत जयसूर्या (17) और कुमार संगकारा के विकेट गंवाए हैं। दिलशान को जहीर खान ने ईशांत शर्मा के हाथों कैच कराया जबकि ईशांत ने जयसूर्या को प्रज्ञान ओझा के हाथों लपकवाया। संगकारा को प्रवीण कुमार ने सचिन तेंदुलकर के हाथों कैच कराया।
इससे पहले, बल्लेबाजों के छोटे लेकिन सम्मिलित प्रयास के बूते भारत ने श्रीलंका के सामने 257 रनों का लक्ष्य रखा।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 13 रन के कुल योग पर तेंदुलकर (6) के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया था। तेंदुलकर को नुवान कुलसेकरा ने पगबाधा आउट करार दिया था, हालांकि यह निर्णय विवादास्पद रहा। तेंदुलकर लगातार दूसरे मैच में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं।
इसके बाद विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (42) और उनके युवा जोड़ीदार गौतम गंभीर (27) ने टीम को पहले झटके से उबारने की कोशिश की लेकिन दूसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़ने के बाद गंभीर हरफनमौला फरवेज महरूफ की गेंद को छेड़ने के फिराक में विकेट की पीछे कुमार संगकारा के हाथों लपके गए।
सहवाग ने तेजी के साथ रन बटोरते हुए युवराज सिंह (66) के साथ पारी को संवारने की जिम्मेदारी अपने हाथ में ली लेकिन 83 के कुल योग पर अनावश्यक रूप से तीन रन लेने के प्रयास में वह रन आउट करार दिए गए। सहवाग ने अपनी 26 गेंदों की पारी में सात झन्नाटेदार चौके लगाए।
31 ओवर के खेल में भारत ने तीन विकेट के नुकसान पर 168 रन बना लिए थे। युवराज और सुरेश रैना (29) ने चौथे विकेट के लिए नाबाद 85 रन जोड़कर अपनी टीम को मुश्किल से निकालने का काम किया।
युवराज ने अपनी 88 गेंदों की पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया जबकि पहले मैच में अर्धशतक लगाकर भारत की जीत में अहम किरदार निभाने वाले रैना ने 43 गेंदों पर एक छक्का जड़ा। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (23) और यूसुफ पठान (21) ने छोटी किंतु उपयोगी पारियां खेलीं। जहीर ने 17 और प्रवीण ने 15 रन बनाए।
श्रीलंका की ओर से कुलसेकरा, असंथा मेंडिस और महरूफ ने दो-दो विकेट लिए। 501 विकेट लेकर पाकिस्तान के वसीम अकरम (502) विकेटों के विश्व रिकार्ड को तोड़ने का इंतजार कर रहे मुथैया मुरलीधरन एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications