चार मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम ने 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। सोमवार को खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने दीपक ठाकुर के दो गोलों की मदद से 2-1 से जीत हासिल की थी।
भारत के लिए सेंटर फारवर्ड शिवेंद्र सिंह (12वें मिनट), प्रभजोत सिंह (40वें मिनट) और कप्तान संदीप सिंह (59वें मिनट) ने गोल किए। कप्तान के तौर पर संदीप का यह पहला गोल है।
मेजबान टीम ने मारियो अल्माडा (13वें मिनट) और प्रेडो इबारा (46वें मिनट) के गोलों की मदद से बढ़त हासिल कर ली थी। पिछले साल में यह पहला मौका है जब भारत ने मैच में पिछड़ने के बावजूद जीत हासिल की है।
इस मैच में प्रभजोत, ठाकुर और शिवेंद्र ने अर्जेटीना की रक्षापंक्ति पर जमकर आक्रमण किए। बाईं ओर से तुषार खांडेकर ने कई बार बेहतरीन आक्रमण करके अपने साथियों का भरपूर साथ दिया।
भारत को चौथे मिनट में गोल करने का अच्छा मौका मिला था लेकिन अर्जेटीना के गोलकीपर जुआन मैनुएल विवाल्डी ने भारतीयों का प्रयास नाकाम कर दिया।
मध्यक्रम में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। विक्रम पिल्ले, राजपाल और वी.एस. विनय ने कई बार जोरदार आक्रमण में अपने साथियों की मदद की।
भारत ने अपना पहला गोल फ्री-हिट के माध्यम से किया। ठाकुर को गलत तरीके से रोकने के कारण अर्जेटीना के खिलाफ यह फैसला गया। कप्तान संदीप ने शिवेंद्र के लिए एक शानदार मूव बनाया, जिसे उन्होंने बेकार नहीं जाने दिया।
इसके एक मिनट बाद ही अर्जेटीना ने जोरदार वापसी की और 13वें मिनट में बराबरी का गोल कर दिया। मैच का अंतिम गोल भारतीय कप्तान ने 59वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर के जरिए किया। श्रंखला का तीसरा मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।