पहले टेस्ट में शतक लगाने वाले 12वें भारतीय हैं रैना
नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज सुरेश रैना ने कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर श्रीलंका के साथ जारी दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन गुरुवार को शतक लगाकर अपना नाम रिकार्डबुक में दर्ज करा लिया।
रैना ने अपना पहला टेस्ट मैच खेलते हुए शानदार शतक लगाया। वह पहले ही टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले 12वें भारतीय हैं। इस पारी के साथ रैना का नाम लाला अमरनाथ, आर.अच. सोधन, ए.जी. कृपाल सिंह, आसिफ अली बेग, हनुमंत सिंह जैसे गुजरे जमाने के क्रिकेटरों की सूची में शुमार हो गया।
भारतीय आधुनिक क्रिकेट इतिहास में अपने पहले ही मैच में शतक लगाने वालों में प्रवीण आमरे, गुंडप्पा विश्वनाथ, मोहम्मद अजहरूद्दीन, वीरेंद सहवाग और सौरव गांगुली जैसे दिग्गजों के नाम भी शामिल हैं। अजहरूद्दीन के नाम लगातार तीन मैचों में शतक लगाने का अनोखा रिकार्ड है।
टेस्ट इतिहास में अपने पहले ही मैच में शतक लगाने का रिकार्ड आस्ट्रेलिया के बेनेरमैन के नाम है। बैनेरमैन ने 1877 में खेले गए इतिहास के पहले ही मैच में मेलबर्न में इंग्लैंड के खिलाफ 165 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
अब तक कुल 90 बल्लेबाजों ने टेस्ट मैचों में पहली बार खेलते हुए शतक लगाने का कारनामा किया है लेकिन केवल चार बल्लेबाज ऐसे हैं, जिन्होंने अपने पहले ही मैच में दोहरा शतक लगाया था।
पहले ही टेस्ट मैच में अब तक की सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकार्ड इंग्लैंड के आ.ई. फोस्टर के नाम है, जिन्होंने 1903 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट में 287 रन बनाए थे।
भारत के लिए टेस्ट मैचों में पहला शतक लगाने का रिकार्ड लाला अमरनाथ के नाम है। लाला जी ने 1933 में इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में 118 रनों की शानदार पारी खेली थी।
लाला जी के पुत्र सुरेंद्र अमरनाथ क्रिकेट इतिहास के एकमात्र ऐसा पुत्र हैं, जिन्होंने अपने पिता की राह पर चलते हुए पहले ही टेस्ट मैच में शतक लगाने का कारनामा किया है।
सुरेंद्र ने 1976 में ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ 124 रन बनाए थे। लाला जी के एक अन्य पुत्र मोहिंदर अमरनाथ ने टेस्ट मैचों में भारत के लिए अतुलनीय योगदान दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications