ब्रुसेल्स। दक्षिण अफ्रीका में शुरू होने जा रहे फुटबॉल विश्व कप में इस बार करोड़ों खेल प्रशंसक अपने चहेते खिलाडि़यों को न देख जरूर निराश होंगे। जी हां इस बार कई खिलाड़ी चोट लगने व निजी कारणों से फुटबॉल के इस महासमर में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। उनमें शीर्ष-7 खिलाड़ी हैं-
1. डेविड बेकहम: इस साल इंग्लैंड के डेविड बेकहम की शानदार फ्री-किक्स हमें देखने को नहीं मिलेंगी। पिछले विश्व कप में उनके प्रदर्शन को याद करें तो उन्होंने कई बार मैचों का रुख अपनी टीम की ओर बदला। यही नहीं कई मैच जिनमें टीम हार की कगार पर थी, बेकहम ने उन्हें जीत में बदला। इंग्लैंड के इस बाजीगर को आब इस साल जरूर मिस केंगे।
2. रियो फर्दीनांद: इंग्लैंड के कप्तान रियो फर्दीनांद पूरे जोश के साथ अपनी टीम को लेकर दक्षिण अफ्रीका पहुंचे थे, लेकिन अभ्यास मैच में उनकी टक्कर साथी खिलाड़ी से हो गई, जिस वजह से उनके घुटने में गंभीर चोट आयी है। चिकित्सीय रिपोर्ट के मुताबिक वो फिलहाल विश्व कप के लिए फिट नहीं हैं। फर्दीनांद इंग्लैंड के डिफेंडर पोजीशन पर खेलते हैं।
3. रेने एडलर: पसली की हड्डियों में चोट लग जाने के कारण इस साल रेने एडलर दक्षिण अफ्रीका नहीं गए हैं। जर्मनी के नंबर वन गोलकीपर कहे जाने वलो एडलर गत अप्रैल माह में चोटिल हुए थे।
4. माइकल बलाक: चेलसिया में एफए कप के फाइनल मुकाबले में चोटिल हुए माइकल बलाक को भी आप इस साल विश्व कप में नहीं देखेंगे। उनके लीगामेंट्स में चोट लगी है। अपने कप्तान की गैरमौजूदगी में जर्मनी की टीम काफी संकट में दिखेगी।
5. चार्ली डेविस: विश्व के टॉप स्ट्राइकर खिलाडि़यों में से एक अमेरिका के चार्ली डेविस इस साल मैदान पर कमाल दिखाते नहीं दिखेंगे। पिछले साल एक सड़क दुर्घटना में वो गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे। उस दुर्घटना में कार में बैठे उनके मित्र की मौत हा गई थी। विश्व कप में चयन को लेकर उन्होंने जबरदस्त मेहनत की, लेकिन फिर भी सेलेक्ट नहीं हुए।
6. माइकल ऐसिन: सबसे कठिन ग्रुप में रखी गई घाना की टीम के लिए इस साल यह बड़ा झटका है कि उनके बेहतरीन खिलाड़ी माइकल ऐसिन उनके साथ नहीं होंगे। इस साल घाना के अलावा ग्रुप डी में उसके साथ जर्मनी, सर्बिया और ऑस्ट्रेलिया हैं।
7. दिदिर द्रोगबा: स्टार खिलाड़ी दिदिर द्रोगबा को लेकर अफ्रीकी देश आइवरी कोस्ट की टीम की चिंता बढ़ गई है। असल में द्रोगबा की कोहनी में चोट लग गई है, जिस वजह से उनका खेलना संदिग्ध हो गया है। द्रोगबा शुक्रवार को सियोन में जापान के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैच में चोटिल हो गए। उनकी दाएं हाथ की कोहनी की हड्डी टूट गई है।