भारतीय टीम के 3 खिलाड़ी 'किसी लायक' नहीं : कर्स्टन
कर्स्टन ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, "भारतीय टीम फिट नहीं है। इस टीम का चयन करते वक्त मुझसे राय नहीं ली गई। तीन खिलाड़ी ऐसे हैं, जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लायक नहीं है, ट्वेंटी-20 क्रिकेट तो दूर की बात है। और तो और आठ खिलाड़ियों का वजन अधिक है। इससे अधिक और मैं क्या कहूं..।"
भारतीय टीम को टेस्ट रैंकिंग में सर्वोच्च मुकाम तक पहुंचाने वाले कर्स्टन बेहद निराश और साथ ही साथ नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि उन्हें क्रिकेट से संन्यास लिए काफी वक्त बीत चुका है लेकिन वह आज भी भारतीय टीम के 2-3 खिलाड़ियों से अधिक फिट हैं।
कर्स्टन ने कहा, "फिटनेस के लिहाज से मैं आज भी भारतीय टीम के कई खिलाड़ियों से बेहतर स्थिति में हूं। मेरा मानना है कि फिटनेस के साथ लापरवाही बरतने और टीम के हितों को नुकसान करने वाले खिलाड़ियों पर अगर जुर्माना लगाया जाए तो कुछ गलत नहीं होगा। जरूरत पड़ी तो मैं खुद इसके लिए बोर्ड को लिखूंगा।"
कर्स्टन ने शिकायती लहजे में कहा कि टीम के चयन से पहले उनसे संपर्क नहीं किया गया। उन्होंने कहा, "विश्व कप के लिए टीम चुनते वक्त मेरी राय नहीं ली गई थी। मैं इस संबंध में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से लिखित तौर पर शिकायत करूंगा।"
कर्स्टन के मुताबिक टीम के कुछ सदस्य मौज-मस्ती करने में बहुत आगे रहते हैं और टीम की हार में उनकी इन हरकतों का भी बड़ा हाथ रहा है। उन्होंने कहा, "टीम के कुछ सदस्यों ने टीम प्रबंधन से शिकायत की थी कि वे आचार संहिता और नियमों को बेहद कड़ा मानते हैं क्योंकि उनका पालन करने में उन्हें काफी दिक्कत आ रही है। मैं ऐसे खिलाड़ियों को जानता हूं और अगर जरूरत पड़ी तो उनके नाम लेने से नहीं हिचकूंगा।"
भारत के एकमात्र क्रिकेट इतिहासकार बोरिया मजूमदार कर्स्टन के इन आरोपों को बिल्कुल जायज मानते हैं। मजूमदार के मुताबिक कर्स्टन ने भारतीय टीम को आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचाया है लेकिन वह कभी भी कैमरे के आगे आकर लोकप्रियता बटोरने वालों में नहीं रहे। ऐसा कोई शख्स अगर टीम के खराब प्रदर्शन और खिलाड़ियों तथा चयनकर्ताओं के रवैये से नाराज होकर आरोप लगा रहा है तो निश्चित तौर पर उसमें सच्चाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications