कुछ खिलाड़ियों के जाने के बावजूद बुधवार को खेलगांव में काफी हलचल देखी गई। जिन खिलाड़ियों की स्पर्धाएं समाप्त हो गई हैं, उनके लिए यह समय मौज-मस्ती का है।
खेलगांव के एक अधिकारी के अनुसार यहां से 875 खिलाड़ी पहले ही जा चुके हैं, उम्मीद है कि 400 से अधिक खिलाड़ी बुधवार को अपने देश के लिए रवाना होंगे।
अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "करीब 300 से 400 खिलाड़ी प्रतिदिन खेलगांव से जा रहे हैं। हमें उम्मीद है कि गुरुवार अपराह्न तक करीब 600 से 800 खिलाड़ी यहां से चले जाएंगे।"
अधिकारियों को विश्वास है कि खिलाड़ियों के जाने का असर गुरुवार शाम को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले समापन समारोह पर नहीं दिखेगा। अधिकारी ने बताया कि समापन समारोह में 5,000 से अधिक खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि स्पर्धा समाप्त होने के बाद कनाडा, केन्या, स्कॉटलैंड, आस्ट्रेलिया, यूगांडा, त्रिनिदाद, बरमूडा और न्यूजीलैंड के कई खिलाड़ी यहां से चले गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।