शोएब अख्तर की छुट्टी करने की तैयारी
कराची, 22 जनवरी (आईएएनएस)। लगभग 14 महीनों बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी करने वाले पाकिस्तान के विवादास्पद तेज गेंदबाज शोएब अख्तर को टीम से बाहर करने की तैयारी की जा रही है।
श्रीलंका के साथ जारी तीन मैचों की एकदिवसीय श्रंखला के पहले दो मुकाबलों में नाकाम रहने के कारण अख्तर पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
पाकिस्तानी टीम प्रबंधन के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि 24 जनवरी को खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मैच के लिए किसी और गेंदबाज को टीम में शामिल करने का फैसला किया जा चुका है।
इसके अलावा खराब फार्म के कारण अख्तर को अगले महीने श्रीलंका के साथ खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए भी टीम में स्थान मिलना मुश्किल लग रहा है।
टीम प्रबंधन ने नए गेंदबाज के तौर पर सोहैल खान और स्पिनर सईद अजमल का चयन कर लिया है। गद्दाफी स्टेडियम के विकेट पर नजर डालने के बाद इनमें से किसी एक को खिलाने का फैसला किया जाएगा।
कप्तान शोएब मलिक ने भी अख्तर के खराब फार्म को लेकर निराशा जताई है। यही नहीं, मलिक ने तो अख्तर की प्रतिबद्धता पर भी सवाल खड़े किए हैं।
कप्तान का मानना है कि बार-बार चोटिल होकर टीम से बाहर चले जाने वाले अख्तर की जगह अगर किसी नए खिलाड़ी को टीम में शामिल कर लिया जाए तो भविष्य की टीम तैयार करने के लिहाज से यह एक समझदारी भरा फैसला होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications