स्थानीय किंग्सटन ओवल मैदान पर रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में आस्ट्रेलियाई महिलाओं ने न्यूजीलैंड को एक रोमांचक मैच में तीन रनों से पराजित कर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आस्ट्रेलिया की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 106 रन बनाए।
आस्ट्रेलिया की ओर से ली पॉलटन ने सर्वाधिक 20 रन बनाए। एस. जे. इलियट ने 19, एस. स्थालेकर ने 18 और जे. कैमरन ने 14 रनों की उपयोगी पारी खेली।
न्यूजीलैंड की ओर से निकाला ब्राउने और एस. डेविने ने दो-दो विकेट हासिल किए।
आस्ट्रेलिया द्वारा रखे गए 107 रनों के जीत के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट गंवाकर 103 रन ही बना सकी। एस. डेविने ने बल्लेबाजी में भी अपना जौहर दिखाते हुए न्यूजीलैंड की ओर से 38 रनों की नाबाद पारी खेली लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रही। ब्राउने ने भी अपनी टीम के लिए 20 रनों की उपयोगी पारी खेली।
आस्ट्रेलिया की ओर से एसिले पेरी ने न्यूजीलैंड की तीन बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखाई। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
इससे पहले, इंग्लैंड ने ट्वेंटी-20 विश्व कप के पुरूषों के फाइनल मुकाबले में आस्ट्रेलिया को सात विकेट से हरा दिया। आस्ट्रेलिया ने जीत के लिए इंग्लैंड के सामने 148 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे कप्तान पॉल कोलिंगवुड के नेतृत्व वाली टीम ने 17 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*