कोलंबो टेस्ट : भारत को 65 रनों की बढ़त (लीड-1)
स्थानीय सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर पांचवे दिन श्रीलंकाई गेंदबाजों को ईशांत शर्मा और प्रज्ञान ओझा को जोड़ी तोड़ने में खासी जद्दोजहद करनी पड़ी। दोनों ने आखिरी विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी की। ईशांत ने 27 और ओझा ने 18 रन बनाए।
श्रीलंका ने अपनी पहली पारी चार विकेट पर 642 बनाकर घोषित कर दी थी। इसके जवाब में चौथे दिन गुरुवार का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के करियर के पांचवें दोहरे शतक और पहला टेस्ट खेल रहे सुरेश रैना के पहले शतक की बदौलत नौ विकेट के नुकसान पर 669 रन बनाए थे।
चौथे दिन का खेल पूरी तरह से भारतीय टीम के नाम रहा। रैना ने 120 रन बनाए। रैना ने अपने करियर का पहला टेस्ट खेलते हुए न सिर्फ शानदार शतकीय पारी खेली बल्कि पांचवें विकेट के लिए तेंदुलकर के साथ 256 रनों की साझेदारी निभाकर टीम को फॉलोऑन के खतरे से बचाया। रैना की विदाई के बाद कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (76) ने तेंदुलकर का भरपूर साथ दिया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी निभाई। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने अपने करियर का चौथा अर्धशतक जड़ा जबकि तेंदुलकर अपना पांचवां दोहरा शतक लगाने में सफल रहे।
तेंदुलकर 203 रन बनाकर आउट हुए। धौनी ने अपनी 138 गेंदों की पारी में सात चौकों की मदद से 76 रन बनाए। अभिमन्यु मिथुन ने भी 41 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से असंथा मेंडिस ने अब तक सर्वाधिक चार विकेट झटके। उनके अलावा तिलकरत्ने दिलशान को तीन सफलताएं मिली। सूरज रांडीव और दिलहारा फर्नाडो भी एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।
भारत ने तीसरे दिन 241 रनों के कुल योग पर वीरेंद्र सहवाग (99), मुरली विजय (58), राहुल द्रविड़ (3) और लक्ष्मण (29) के विकेट खो दिए थे। श्रीलंकाई टीम ने दूसरे दिन मंगलवार को कप्तान कुमार संगकारा के दोहरे शतक और उपकप्तान माहेला जयवर्धने की शतकीय पारी की बदौलत चार विकेट पर 642 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी। मेजबान टीम तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बनाए हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications