VIDEO: रोनाल्डो का वो शानदार गोल जिसने मोरक्को की विश्वकप यात्रा की समाप्त, बनाए कुछ खास रिकॉर्ड
नई दिल्ली। फीफा विश्वकप का रोमांचक मुकाबला जारी है। ऐसे में अगर पुर्तगाल का मैच हो और फिर रोमांच न आए ऐसा तो हो ही नहीं सकता। वजह है दुनिया के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो का इस टीम में शामिल होना वो भी बतौर कप्तान। इस फीफा विश्वकप में अपना पहला मुकाबला पुर्तगाल ने स्पेन के साथ खेला था और 3-3 की बराबरी से यह मुकाबला ड्रा रहा था। हालांकि पुर्तगाल की टीम ने अपने अगले मैच यानी कि मोरक्को के साथ खेले गए मैच में अपनी सारी कसर पूरी कर ली और इस मुकाबले को 1-0 से जीत लिया। इस मुकाबले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आखिर क्यों वह दुनिया के सबसे करिश्माई खिलाड़ी हैं। गौरतलब हो कि मोरक्को के लिए ग्रुप बी का यह मैच करो या मरो जैसा था। इस मुकाबले में मिली हार के बाद इस मोरक्को इस विश्व कप से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई।

रोनाल्डो ने कुछ यूं किया कारनामा
मोरक्को के खिलाड़ी और लुज़निकी स्टेडियम में मौजूद बड़ी संख्या में फैन्स अभी संभल पाते कि रोनाल्डो ने गोल दाग दिया। खेल के चौथे मिनट में ही इस करिश्माई स्ट्राइकर ने मोरक्को के डिफेंस की ढिलाई का पूरा फायदा उठाकर बर्नार्डो सिल्वा के कॉर्नर को बड़ी खूबसूरती से हेडर से गोल के हवाले किया। गौरतलब हो की इसके बाद मोरक्को की टीम ने गोल करने के लिए जान लगा दी लेकिन वो यह मुकाबला ड्रा नहीं करा सके।

बनाए खास रिकॉर्ड
रोनाल्डो इस शानदार हेडर के साथ यूरोप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज़्यादा गोल स्कोर करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वह किसी एक वर्ल्ड कप में कम से कम चार गोल करने वाले दूसरे पुर्तगाली खिलाड़ी भी बने। उनसे पहले इयुसेबियो ने 1966 में यह कारनामा किया था। हालांकि इस मुकाबले में उनके पास 8वें मिनट में दूसरा गोल करने का मौका था लेकिन उनका शॉट बाहर चला गया।

मोरक्को ने शानदार खेल दिखाया पर नहीं हुए सफल
इस रोमांचक मुकाबले में शुरुआती गोल के बाद मोरक्को की टीम ने भी कमर कस ली थी और अपने कुछ अच्छे मूव बनाए। मैनुएल डिकोस्टा 11वें मिनट में ही बराबरी करने के करीब पहुंच गए थे लेकिन पुर्तगाली गोलकीपर रूई पैट्रिसियो ने इसे नाकाम कर दिया। इस मुकाबले में मोरक्को की टीम रोनाल्डो को बांधने में भी कामयाब रही लेकिन वो इस मुकाबले में अपनी हार को नहीं बचा सकी। गौरतलब हो कि पुर्तगाल ग्रुप बी के अपने आखिरी मैच में 25 जून को ईरान का सामना करेगा वहीं मोरक्को इसी दिन स्पेन से भिड़ेगा।
देखें वीडियोः
फीफा विश्वकप की शानदार तस्वीरेंः
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
