अफरीदी ने दिए टेस्ट क्रिकेट में वापसी के संकेत
कराची, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के अनुभवी ऑलराउंडर और एकदिवसीय टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी ने इस बात के संकेत दिए हैं कि वह टीम की जरूरत के मुताबिक टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं।
पाकिस्तान की टेस्ट टीम से चार साल तक बाहर रहने के बाद अफरीदी ने दो महीने पहले लार्डस में आस्ट्रेलिया के साथ हुए मुकाबले में वापसी की थी। इस मुकाबले में उन्हें टीम की कप्तानी का जिम्मा सौंपा गया था, लेकिन आस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली बड़ी हार के बाद उन्होंने संन्यास लेने का फैसला कर लिया था।
अफरीदी ने शुक्रवार को कराची में संवाददाताओं को बताया कि यदि टीम को उनकी आवश्यकता होगी तो वह अपने फैसले पर पुनर्विचार कर सकते हैं।
अफरीदी ने कहा, "मैं इस बारे में सोचूंगा यदि टीम को इसकी जरुरत होगी। मैं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट श्रृंखला में खेलने के बारे में पुनिर्वचार कर सकता हूं।"
गौरतलब है कि पाकिस्तान की टीम इस वर्ष अक्टूबर-नवम्बर में संयुक्त अरब अमीरात में दक्षिण अफ्रीका के साथ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के अलावा कई एकदिवसीय मैच भी खेलेगी।
विवादास्पद इंग्लैंड दौरे से अपनी टीम के साथ स्वदेश लौटने वाले आफरीदी ने स्वीकार किया कि वास्तव में यह दौरा काफी चुनौतिपूर्ण था।
अफरीदी ने कहा, "यह दौरा काफी कठिन था क्योंकि बहुत सारे विवाद पैदा हुए। जब कभी भी हम लोग होटल से बाहर जाते थे तो लोग छींटाकशी करते थे।"
अफरीदी ने कहा कि इस दौरान सबसे बड़ी बात यह रही कि कठिन दौर में भी टीम के खिलाड़ियों ने एकजुटता बनाए रखी और एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान इंग्लैंड को अच्छी टक्कर दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications