मैच फिक्सिंग विवाद: भारतीय सटोरिए को लेकर बीसीसीआई ने पल्ला झाड़ा
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और प्रवक्ता राजीव शुक्ला ने इस संबंध में पत्रकारों से कहा, "बीसीसीआई का इस मामले से कुछ लेना-देना नहीं है। अगर इस मामले में कोई भारतीय सट्टेबाज शामिल है तो इसकी जांच भारतीय पुलिस करेगी। बीसीसीआई इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर सकता है।"
ऐसा कहा जा रहा है कि इस पूरे मामले में मुख्य आरोपी लंदन में रहने वाले पाकिस्तानी व्यवसायी मजहर माजिद की मदद एक भारतीय मूल का व्यापारी कर रहा है क्योंकि पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ उसका कथित लेनदेन उसी के रेस्तरां में हुआ है। माजिद ने अपनी बातचीत के दौरान उस भारतीय मूल के व्यक्ति का भी उल्लेख किया था।
उल्लेखनीय है कि लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने शनिवार को माजिद को गिरफ्तार करते हुए सनसनीखेज खुलासा किया था कि उसने पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेले गए लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमेर और मोहम्मद आसिफ के साथ नो-बॉल डालने को लेकर स्पॉट फिक्सिंग की है।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में माजिद ने समाचार पत्र की टीम से 150,000 पाउंड लिए और पहचान छुपाकर उससे मिलने वाले पत्र के संवाददाता से वादा किया कि पाकिस्तानी तेज गेंदबाज निर्धारित समय पर लार्ड्स टेस्ट में नो-बॉल फेंकेंगे।
समाचार पत्र ने इस स्टिंग ऑपरेशन का वीडियो स्कॉटलैंड यार्ड को मुहैया कराया है। स्कॉटलैंड यार्ड ने इसी के आधार पर अपनी जांच शुरू कर दी है। माजिद को सोमवार को जमानत पर रिहा कर दिया गया लेकिन उसे आने वाले दिनों में पूछताछ के लिए पेश होने को कहा गया है। माजिद ने कहा था कि इस स्पॉट फिक्सिंग में आमेर और आसिफ के अलावा सलमान बट्ट भी शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications