सरकार ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को इस संबंध में लिखित तौर पर सूचित करते हुए मौजूदा हालात में टीम को पाकिस्तान नहीं भेजने का निर्देश दिया है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी और खेल मंत्री एम.एस. गिल ने बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर को सरकार के फैसले की जानकारी दे दी है।
बीसीसीआई के प्रवक्ता राजीव शुक्ला ने सरकार से मिले निर्देश की पुष्टि करते हुए कहा, "हम पाकिस्तान दौरे पर टीम नहीं भेजेंगे। सरकार ने कहा है कि मौजूदा हालात में टीम को पाकिस्तान नहीं भेजा जा सकता।"
भारतीय टीम को 6 जनवरी को पाकिस्तान पहुंचना था, जहां उसे तीन टेस्ट, पांच एकदिवसीय और एक ट्वेंटी-20 मैच की श्रंखला में हिस्सा लेना था।
मुंबई पर हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों की बीच कूटनीतिक स्तर पर बढ़े तनाव के कारण यह दौरा सफल नहीं हो सका। हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अंतिम समय तक इसकी तैयारी में जुटा था।
गिल ने कुछ दिनों पहले कहा था कि मौजूदा हालात में भारतीय टीम का पाकिस्तान दौरे पर जाना संभव नहीं। इससे पहले, सरकार ने सुरक्षा कारणों से जूनियर हॉकी टीम को पाकिस्तान जाने से रोक दिया था।
इधर, 'क्रिकइंफो' ने बीसीसीआई के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रत्नाकर शेट्टी के हवाले से लिखा है, "हमें भारत सरकार का एक पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें कहा गया है कि मौजूदा हालात में क्रिकेट टीम का पाकिस्तान दौरे पर जाना संभव नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।