बीबीसी संवाददाता, जोहानेसबर्ग से
विश्व कप फ़ुटबॉल का पहला मुक़ाबला मेज़बान दक्षिण अफ़्रीका और मैक्सिको के बीच जोहानेसबर्ग के मशहूर सॉकर सिटी स्टेडियम में शुक्रवार को खेला जा रहा है. दक्षिण अफ़्रीकी टीम के कोच हैं अल्बर्टो कार्लोस परेरा, जो 1994 में ब्राज़ील को विश्व कप जितवा चुके हैं. टीम के लिए इस समय सबसे शानदार फ़ॉर्म में चल रहे हैं कैटलेगो मफ़ेला जिन्होंने पिछले छह अंतरराष्ट्रीय मैचों में पाँच गोल मारे हैं.
दूसरी ओर मैक्सिको के कप्तान रफ़ाएल मार्केज़ अपनी चोट से उबरते हुए ट्रेनिंग कैंप में लौट चुके हैं जबकि गिलेर्मो फ़्रैंको भी पूरी तरह फ़िट हैं. लेकिन इस मैच में दबाव मेज़बान दक्षिण अफ़्रीका पर होगा, क्योंकि उनकी टीम विश्व कप की पहली ऐसी मेज़बान टीम है, जिसे इतनी निचली रैंकिंग मिली है.
मेज़बान टीम ये भी चाहेगी कि ग्रुप स्टेज से ही टीम का पत्ता साफ़ न हो और इसका बहुत कुछ दारोमदार पहले मैच पर होगा. टीम के लिए अच्छी बात ये है कि उन्हें जनता का भरपूर समर्थन हासिल होगा. मैक्सिको की जनता को उम्मीद है कि उनकी टीम दक्षिण अफ़्रीका में शानदार प्रदर्शन करेगी. टीम में आंद्रे गुआर्डाडो, जियोवानी डौस सैंटोस और कार्लोस वेला जैसे खिलाड़ी हैं.
मैनचेस्टर यूनाइटेड की ओर से खेलने वाले ज़ेवियर हर्नांडेज़ से भी टीम को काफ़ी उम्मीदें हैं. अब तक दोनों देशों के बीच तीन मैच हो चुके हैं, जिनमें से दो मैक्सिको और एक दक्षिण अफ़्रीकी टीम जीती है.
दूसरा मैच उरुग्वे और फ़्रांस के बीच केपटाउन में खेला जाएगा. सन 1998 में विश्व कप का ख़िताब जीतने वाली और 2006 में प्रतियोगिता के फ़ाइनल तक पहुँचने वाली फ़्रांस की टीम ने उसके बाद से कोई अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है. विश्व कप के लिए क्वालीफ़ाई करने में ही उसके पसीने छूट गए.
थियरी ऑनरी के विवादित गोल की बदौलत किसी तरह फ़्रांस की टीम विश्व कप के लिए क्वालीफ़ाई कर पाई है. और तो और अपने आख़िरी अभ्यास मैच में चीन के हाथों पिटने के बाद टीम पर सवाल उठने लगे हैं.
उम्मीद की जा रही है कि फ्रांसीसी कोच रेमंड डोमेनेच थियर ऑनरी को शुरू में नहीं उतारेंगे और एनेल्का स्ट्राइकर की भूमिका में होंगे. जबकि कप्तानी करेंगे पैट्रिस एवरा. उरुग्वे को भी विश्व कप के लिए क्वालीफ़ाई करने में काफ़ी दिक़्क़त हुई थी और वो इस विश्व कप में क्वालीफ़ाई करने वाली आख़िरी टीम थी. दो बार विश्व विजेता रह चुकी उरुग्वे की टीम में कई ज़बरदस्त स्ट्राइकर हैं तो युवा और अनुभवी खिलाड़ी भी टीम में मौजूद हैं. स्ट्राइकर डिएगो फ़ोरलैन और लुईस स्वारेज़ से टीम को काफ़ी उम्मीदें हैं. दोनों टीमों के बीच पाँच बार आमना-सामना हो चुका है, जिनमें से दो मैच उरुग्वे ने जीते हैं, एक में फ़्रांस को जीत मिली है और दो मैच ड्रॉ रहे हैं.