Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

फीफा विश्व कप : जर्मनी ने रोका अर्जेटीना का सफर (राउंडअप)

जर्मनी ने इस मैच में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चार गोल किए और अर्जेटीना के खिलाड़ियों को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। अर्जेटीना की टीम नाम के मुताबिक इस मैच में प्रदर्शन नहीं कर सकी। एक तरफ जहां उसकी रक्षा पंक्ति बिखरी नजर आई वहीं उसने गोल करने के कई मौके भी गंवाए।

जर्मनी ने खेल के तीसरे मिनट में पहला, 68वें मिनट में दूसरा, 74वें मिनट में तीसरा और 89वें मिनट में चौथा गोल किया। पहला गोल तेज तर्रार मिडफील्डर थामस मूलर ने, दूसरा उसके फारवर्ड खिलाड़ी मिरोस्लेव क्लोस ने, तीसरा आर्ने फ्रेडरिक ने और फिर चौथा गोल भी क्लोस ने ही किया।

जर्मनी के मिडफील्डर बास्तियान श्वींसटीगर ने लगभग हर गोल में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।

ग्रीन प्वाइंट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में चार गोलों से जर्मनी की जीत ने अर्जेटीना के कोच डिएगो माराडोना पर भी कई सवाल उठा दिए हैं। पूरे मैच में ऐसा लग रहा था कि युवा जर्मन टीम के खिलाफ अर्जेटीना ने कोई रणनीति ही नहीं बनाई थी। जर्मन खिलाड़ी गोल पर गोल किए जा रहे थे और अर्जेटीना के खिलाड़ी उनके आगे बेबस नजर आ रहे थे।

जर्मनी ने चार साल पहले पिछले विश्व कप में अर्जेटीना को पराजित कर बाहर का रास्ता दिखाया था और इस बार भी उसने ही अर्जेटीना की उम्मीदों पर पानी फेरा। जर्मनी की टीम उस कारनामे को दोहराने में सफल रही जो उसने 2006 के विश्व कप में किया था।

वर्ष 1986 में मेक्सिको में हुए विश्व कप के फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने जर्मनी को हराया था और खिताब अपने नाम किया था। दोनों टीमें अभी तक छह बार विश्व कप में भिड़ी हैं। इनमें से चार बार जर्मनी को जीत मिली है जबकि अर्जेटीना को महज एक ही जीत से ही संतोष करना पड़ा है। दोनों के बीच खेला गया एक मुकाबला गोलरहित बराबरी पर खत्म हुआ था।

इससे पहले, शुक्रवार को खेले गए क्वोर्टरफाइनल मुकाबलों को जीतकर हॉलैंड और उरुग्वे की टीम पहले ही सेमीफाइनल में अपना स्थान बना चुकी है। हॉलैंड ने पांच बार की विजेता ब्राजील को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई वहीं उरुग्वे ने घाना को एक रोमांचक मुकाबले में पराजित कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। हॉलैंड और उरुग्वे की टीम सेमीफाइनल मुकाबले में भिडें़गी।

अंतिम आठ में जगह बनाने से पहले अर्जेटीना ने प्री-क्वोर्टरफाइनल मुकाबले में मेक्सिको को पराजित किया था। इससे पहले उसने अपने सभी ग्रुप मैच भी जीते थे। जबकि जर्मनी ने प्री-क्वोर्टरफाइनल में इंग्लैंड को 4-1 से पराजित कर सनसनीखेज जीत दर्ज की थी। इससे पहले ग्रुप स्तर पर उसका प्रदर्शन बहुत मार्के का नहीं था। उसने आस्ट्रेलिया और घाना को आसानी से पराजित किया था पर सर्बिया के हाथों उसे हार का सामना करना पड़ा था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:39 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+