Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

कोलंबो टेस्ट : रनों के अंबार में गुम हुआ नतीजा (राउंडअप)

तीन मैचों की इस श्रृंखला में मेजबान टीम को 1-0 की बढ़त प्राप्त है। उसने अपना आखिरी टेस्ट खेल रहे मुथैया मुरलीधरन के करिश्माई प्रदर्शन की बदौलत गॉल में खेला गया पहला मैच 10 विकेट से जीता था। तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच तीन अगस्त से कोलंबो के वी. सारा ओवल में खेला जाएगा।

बहरहाल, मैच के पांचवें दिन शुक्रवार को तीसरे सत्र के खेल के दौरान श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी तीन विकेट खोकर 129 रन बनाकर घोषित कर दी। भारतीय टीम 65 रनों के लक्ष्य के साथ बल्लेबाजी के लिए उतरती, उससे पहले ही दोनों कप्तानों के बीच मैच समाप्त करने को लेकर सहमति हो गई। इसके बाद अंपायरों ने मैच समाप्त कर दिया।

कप्तान कुमार संगकारा 114 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 42 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि थिलन समरवीरा ने 46 गेदों पर 10 रन बनाए। भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह ने एक-एक विकेट लिया। श्रीलंका ने तीसरे विकेट के रूप में माहेला जयवर्धने का विकेट गंवाया। जयवर्धने पांच रन बनाकर वीरेंद्र सहवाग की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए।

दूसरे विकेट के रूप में थरंगा पारानाविताना पेवेलियन लौटे। उन्हें 34 रन के व्यक्तिगत योग पर हरभजन सिंह ने आउट किया। पारानाविताना ने 62 गेदों पर पांच चौके लगाए। यह विकेट 73 रन के कुल योग पर गिरा। 50 रन के कुल योग पर श्रीलंका ने तिलकरत्ने दिलशान का विकेट गंवाया था।

दिलशान 14 रन के व्यक्तिगत योग पर पेवेलियन लौटे। उन्हें अभिमन्यु मिथुन ने ईशांत शर्मा के हाथों कैच कराया। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी जहां चार विकेट पर 642 बनाकर घोषित कर दी थी वहीं पांचवें दिन शुक्रवार को भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में बनाए गए 707 रनों की बदौलत कुल 65 रनों की बढ़त हासिल करने में सफल रही थी।

चौथे दिन गुरुवार का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के करियर के पांचवें दोहरे शतक और पहला टेस्ट खेल रहे सुरेश रैना के पहले शतक की बदौलत नौ विकेट के नुकसान पर 669 रन बना लिए थे।

दिन का खेल खत्म होने तक ईशांत (10) और प्रज्ञान ओझा (0) के रूप में भारतीय टीम की अंतिम जोड़ी नाबाद लौटी थी। पांचवें दिन ईशांत जहां 27 रन बनाकर दिलहारा फर्नाडो की गेंद पर कुमार संगकारा के हाथों लपके गए वहीं ओझा 18 रन बनाकर नाबाद लौटे।

दोनों बल्लेबाजों ने अंतिम विकेट के लिए 39 रन जोड़े। श्रीलंका की ओर से असंथा मेंडिस ने सर्वाधिक चार विकेट झटके जबकि अनियमित गेंदबाज दिलशान ने तीन विकेट अपनी झोली में डाले। पहला टेस्ट मैच खेल रहे सूरज रांडीव दो विकेट लेने में सफल रहे। फर्नाडो को एक सफलता मिली।

यह मैच मुख्य रूप से खराब परिणाम और रिकार्डो के लिए याद रखा जाएगा। व्यक्तिगत तौर पर यह मैच कई खिलाड़ियों के लिए यादगार रहेगा लेकिन टेस्ट क्रिकेट की घटती लोकप्रियता के लिहाज से इसे क्रिकेट के हुक्मरान जल्द ही भुलाना चाहेंगे।

इस मैच में तीन शतक और दो दोहरे शतक लगे। शतक श्रीलंकाई सलामी बल्लेबाज पारानाविताना (100), जयवर्धने (174) और अपना पहला टेस्ट खेल रहे भारत के युवा बल्लेबाज रैना (120) के नाम रहे जबकि संगकारा (219) और तेंदुलकर (203) ने दोहरे शतक लगाए। संगकारा को इस शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इसके अलावा चार अर्धशतक लगे। अर्धशतक लगाने वालों में दिलशान (54), समरवीरा (76), सहवाग (99) और भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (76) शामिल रहे। सहवाग अपने करियर में चौथी बार नर्वस नाइंटीज के शिकार हुए।

दो खिलाड़ियों ने इस मैच के जरिए अपने टेस्ट करियर का आगाज किया। रैना ने शतक लगाकर इस मैच को अपने लिए न भूलने वाला बना दिया लेकिन श्रीलंकाई स्पिनर सूरज रांडीव को लिए यह मैच उतना अच्छा साबित नहीं हुआ। रांडीव को दो विकेट झटकने के लिए 222 रन खर्च करने पड़े।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:41 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+