इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कप्तान रिकी पोंटिंग ने भी 71 रनों का योगदान दिया। दूसरे दिन के पहले सत्र में मेहमान टीम को वाटसन के रूप में बड़ा झटका लगा। इसके बाद दूसरे दिन आस्ट्रेलिया को मिशेल जानसन (47) और नाथन हॉरिट्ज (9) के रूप में दो और झटके लगे। वाटसन के आउट होने के बाद पैन और जानसन ने बेहतरीन साझेदारी करते हुए आस्ट्रेलिया को सम्मानजनक स्थिति में पहुंचा दिया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी की। जानसन 47 रन बनाकर जहीर खान का चौथा शिकार बने। वह विकेट के पीछे भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के हाथों लपके गए।
जानसन के आउट होने के बाद हॉरिट्ज मैदान पर पैन का साथ देने आए लेकिन वह ज्यादा देर तक भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके। हरभजन सिंह ने उन्हें अपनी फिरकी में फंसाकर गौतम गंभीर के हाथों लपकवा दिया। इसके बाद हिल्फेनहॉस ने टैम पिन का बखूबी साथ निभाया। दोनों ने नौवें विकेट के लिए 54 रन जोड़े। पैन जहीर खान की गेंद पर स्लिप में वी.वी.एस. के हाथों लपके गए। उन्होंने 12 चौकों की मदद से 92 रन बनाए। डॉग बोलिंगर बिना कोई रन बनाए प्रज्ञान ओझा का शिकार बन गए।
पहले दिन के स्कोर पांच विकेट पर 224 रनों से आगे खेलते हुए आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने पूरी सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी की। परंतु हरभजन सिंह ने शानदार शतक बनाकर मैदान पर जमे वाटसन को गौतम गंभीर के हाथों कैच करा दिया। वाटसन ने 10 चौकों की मदद से 126 रन बनाए। वाटसन ने कुल 338 गेंदों का सामना किया। खेल के पहले सत्र में एक मौका और था जब जहीर की गेंद पर धौनी वाटसन को विकेट के पीछे लपक सकते थे लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
भारत की ओर से जहीर खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 30 ओवरों में सात मेडन फेंकते हुए 94 रन खर्च किए और पांच विकेट चटकाए। जहीर के टेस्ट करियर में 10वां मौका था जब उन्होंने एक पारी में पांच या इससे अधिक विकेट लिए। उनके अलावा इस मैच में हरभजन सिंह ने भी 114 रन देकर तीन विकेट लिए। एक विकेट ओझा के नाम रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।