फीफा विश्व कप : मध्यांतर तक दक्षिण अफ्रीका 2-0 से आगे (लीड-3)
दक्षिण अफ्रीका ने 20वें मिनट में 1-0 की बढ़त हासिल करने के बाद 37वें मिनट में दूसरा गोल दागकर फ्रांसीसी खिलाड़ियों को सकते में डाल दिया। फ्रांस के खिलाड़ियों ने इसके बाद दक्षिण अफ्रीका पर कुछ जोरदार आक्रमण भी किए लेकिन उनका यह प्रयास विफल गया।
मेजबान टीम के लिए पहला गोल मिडफील्डर शिपवे शिबालाला के द्वारा लिए गए कार्नर पर डिफेंडर बोंगानी खुमालो ने हेडर के जरिए किया। इससे फ्रांस के मिडफील्डर योआन गॉरकफ को 25वें मिनट में लाल कार्ड दिखाया गया।
इसके बाद फ्रांसीसी टीम को 10 खिलाड़ियों के साथ मैच जारी रखना पड़ा। गॉरकफ को दक्षिण अफ्रीकी मिडफील्डर मैक्बैथ सिबाया पर जानबूझकर झपटने और गेंद छीनने के प्रयास के कारण लाल कार्ड दिखाया गया।
रेफरी ने गॉरकफ की इस हरकत को मैदानी अनुशासन के खिलाफ पाया। इस विश्व कप में अब तक कुल 10 खिलाड़ियों को लाल कार्ड दिखाया जा चुका है।
दक्षिण अफ्रीका के लिए दूसरा गोल फारवर्ड खिलाड़ी काटलेगो मैफेला ने 37वें मिनट में किया।
दोनों टीमों का यह तीसरा मुकाबला है। फ्रांस की टीम को अपने पहले ग्रुप मुकाबले में उरुग्वे के साथ ड्रॉ खेलना पड़ा था जबकि दूसरे मुकाबले में उसे मेक्सिको ने 2-0 से पटखनी दी थी।
दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अपने पहले मुकाबले में मेक्सिको को 1-1 की बराबरी पर रोकने में सफलता हासिल की थी लेकिन दूसरे मुकाबले में उरुग्वे ने उसे 3-0 से हरा दिया था। फ्रांस और दक्षिण अफ्रीका ने दो-दो मुकाबलों से एक-एक अंक जुटाए हैं।
इस मैच में जीत की सूरत में किसी एक टीम को सुपर-16 में पहुंचने का मौका मिल सकता है लेकिन उसके लिए उसे इतनी बड़ी जीत हासिल करनी होगी, जिससे कि वह मंगलवार को खेले जा रहे ग्रुप के पहले मुकाबले में हारने वाली टीम को गोल अंतर के लिहाज से पीछे छोड़ सके।
इस ग्रुप की दो अन्य टीमें-मेक्सिको और उरुग्वे भी मंगलवार को रस्टेनबर्ग में अपना-अपना तीसरा मैच खेल रही हैं। दोनों टीमों ने चार-चार अंक हासिल किए हैं। ड्रॉ की सूरत में मेक्सिको और उरुग्वे की टीमें ही अंतिम-16 में पहुंचने की हकदार होंगी।
तालिका में उरुग्वे की टीम पहले स्थान पर है क्योंकि उसने दूसरी टीमों के खिलाफ तीन गोल किए हैं और अपने खिलाफ एक भी गोल नहीं होने दिया है।
मेक्सिको की टीम इस तालिका में दूसरे स्थान पर है। उसने दूसरी टीमों के खिलाफ तीन गोल किए हैं जबकि उसके खिलाफ एक गोल हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications