फीफा विश्व कप: उरुग्वे में 'नायकों' का स्वागत
मोंटेवीडियो (उरुग्वे), 14 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा विश्व कप-2010 में चौथ स्थान हासिल करने वाली उरुग्वे की टीम का राजधानी मोंटेवीडियो में जोरदार स्वागत किया गया। सड़कों पर मौजूद हजारों लोगों में अपने 'नायकों' के प्रति गजब का उल्लास देखा गया।
गौरतलब है कि शनिवार को तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में उरुग्वे की टीम को जर्मनी के खिलाफ 2-3 से हार का सामना करना पड़ा था। वैसे उरुग्वे के डिएगो फोर्लान को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार विश्व कप में सेमीफाइनल तक सफर तय करने वाले उरुग्वे के सितारे मंगलवार को स्वदेश पहुंचे। यहां उनके स्वागत के लिए लगभग 150,000 लोग सड़कों पर खड़े थे। ऐसा लगा मानो पूरा शहर आज सड़कों पर आ गया हो।
यह उत्साह और खुशी सिर्फ आम लोगों में ही नहीं बल्कि देश की संसद में भी देखने को मिली। टीम के स्वागत के लिए यहां की 'जनरल एसंबली' में विशेष समारोह आयोजित किया गया। स्वागत से अभिभूत कोच ऑस्कर ताबारेज ने कहा, "यह अद्भुत है।"
टीम के कप्तान डिएगो लुगाआनो ने कहा, "हम विश्व कप जीतने का लक्ष्य लेकर दक्षिण अफ्रीका गए थे। हम ऐसा नहीं कर सके। परंतु स्वदेश लौटने पर जो स्वागत मिला है, हम उसकी कल्पना भी नहीं कर सकते थे।"
इससे पहले दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया के राष्ट्रपति इवो मोरालेस ने भी उरुग्वे की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उरुग्वे ने पूरे सम्मान के साथ लातिन अमेरिका की नुमाइंदगी की है।
मोरालेस ने उरुग्वे के कोच ऑस्कर ताबारेज और टीम की जमकर की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश ही यह टीम विश्व कप में तीसरा स्थान नहीं हासिल कर सकी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications