Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

मैच से पहले तू-तू मैं-मैं

पंकज प्रियदर्शी

बीबीसी संवाददाता, दक्षिण अफ़्रीका से

विश्व कप के क्वार्टर फ़ाइनल मैच में जर्मनी और अर्जेंटीना के मैच को अब तक का सबसे रोचक और टक्कर वाला मैच माना जा रहा है.

इस मैच पर लोगों की तो निगाहें है ही, दोनों टीमों के लिए भी जीवन-मरण का प्रश्न है.

लेकिन इस अहम मैच से पहले दोनों कैंप में तू-तू मैं-मैं भी ख़ूब हो रही है.

जर्मनी के कप्तान समेत कई वरिष्ठ खिलाड़ियों ने अर्जेंटीना पर गंभीर सवाल उठाए हैं तो अर्जेंटीना ने भी जर्मनी के खिलाड़ियों को आड़े हाथों लिया है.

जर्मनी के कप्तान लैम ने जहाँ अर्जेंटीना के खिलाड़ियों की आलोचना की, वहीं स्वाइंजटाइगर ने विरोधी खिलाड़ियों और रेफ़री के प्रति उनके व्यवहार को निशाना बनाया.

अब अर्जेंटीना के कोच माराडोना कहाँ चुप रहने वाले थे. उन्होंने जर्मनी को सबक़ सिखाने की बात कह डाली और यहाँ तक कहा कि जर्मन खिलाड़ी नवर्स हो गए हैं. मारोडाना ने कहा कि उनके खिलाड़ी इस अहम मैच में बदला लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

चार साल पहले भी दोनों टीमों का क्वार्टर फ़ाइनल में मुक़ाबला हुआ था, जिसे जर्मनी ने पेनल्टी शूट आउट में जीता था.

जहाँ विश्वास से भरे माराडोना जर्मनी की टीम से बदला लेने की बात कर रहे हैं, वहीं उनके स्टार प्लेयर मेसी का खेलना संदिग्ध लग रहा है.

तबीयत ख़राब होने के कारण मेसी ट्रेनिंग करने नहीं आए.

हालाँकि टीम प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि शनिवार के मैच के लिए वे पूरी तरह फ़िट रहेंगे. लेकिन उनके खेलने पर संदेह के बादल ज़रूर मँडरा रहे हैं.

मेसी ने अभी तक इस विश्व कप में कोई गोल तो नहीं किया है, लेकिन वे टीम का अहम हिस्सा हैं और कई बेहतरीन मूव में उनका बहुत योगदान रहा है.

पुर्तगाल के पूर्व महान खिलाड़ी एयोसेबियो ने मेसी को इस विश्व कप का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी कहा है.

जोहानेसबर्ग में एक कार्यक्रम के दौरान एयोसेबियो ने मेसी की जम कर प्रशंसा की और कहा कि गोल न मारने के बावजूद ये बात आसानी से कही जा सकती है कि मेसी सर्वश्रेष्ठ हैं.

जर्मनी के भविष्यवक्ता ऑक्टोपस के बारे में तो लोग ख़ूब चर्चा कर रहे हैं, जिसने अभी तक इस विश्व कप में जर्मनी की जीत-हार की बिल्कुल सही-सही भविष्यवाणी की है.

और ऑक्टोपस महाराज ने ये भी कहा है कि जर्मनी की टीम क्वार्टर फ़ाइनल में अर्जेंटीना को हरा देगी. लेकिन मैदान और मैदान के बाहर जर्मन टीम की काट ढूँढ़ रही अर्जेंटीना की टीम इसका क्या करे...

अब अर्जेंटीना वाले क्यों पीछे रहते. उन्होंने एक ऐसे डॉल्फ़िन को ढूँढ़ निकाला है, जो अपने अंदाज़ में अर्जेंटीना के जीत की भविष्यवाणी कर रहा है.

इस डॉल्फ़िन के सामने दोनों देशों के झंडे के रंग जैसे दो फ़ुटबॉल रखे गए और इस डॉल्फ़िन ने देशभक्ति दिखाते हुए बिना हिचकिचाए अर्जेंटीना के झंडे वाले फ़ुटबॉल को चुना.

तो अब दोनों टीमों के अलावा इन दोनों जीवों की भविष्यवाणी भी दाँव पर है...

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:39 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+