फीफा विश्व कप : स्लोवेनिया को हराकर इंग्लैंड अंतिम-16 में (लीड-3)
स्लोवेनिया की टीम अंतिम-16 में जगह बनाने में सफल नहीं हो सकी। स्लोवेनिया ने तीन मुकाबलों से चार अंक जुटाए हैं जबकि इस मैच के जरिए मिले तीन अंकों को मिलाकर इंग्लैंड के पांच अंक हो गए हैं।
इस ग्रुप से अमेरिका भी अंतिम-16 दौर में जगह बनाने में सफल रहा है जबकि इस ग्रुप की चौथी टीम अल्जीरिया की चुनौती समाप्त हो चुकी है। अमेरिका ने त्श्वाने/प्रीटोरिया में बुधवार को ही खेले गए ग्रुप-सी के एक अन्य मुकाबले में अल्जीरिया को 1-0 से पराजित किया।
मिडफील्डर लेंडन डोनोवन द्वारा 90वें मिनट में किए गए गोल की मदद से इस मैच में मिली जीत के साथ अमेरिका ने अपने कुल अंकों की संख्या पांच कर ली जबकि अल्जीरिया के एक अंक रह गए।
बहरहाल, इंग्लैंड-स्लोवेनिया के बीच खेले गए मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने फारवर्ड खिलाड़ी जर्मेन डेफो द्वारा किए गए गोल की मदद से मध्यांतर तक 1-0 की बढ़त बना ली थी।
13वीं बार फीफा विश्व कप में हिस्सा ले रहे इंग्लैंड ने 23वें मिनट में खाता खोला था। डेफो ने अपना 12वां और विश्व कप का पहला गोल किया है। अपनी टीम को अगले दौर में पहुंचाने वाला गोल दागने वाले डेफो को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मध्यांतर तक के खेल के दौरान इंग्लैंड ने 54 फीसदी समय तक गेंद अपने पास रखा। इस दौरान उसकी ओर से पांच मौकों पर गोल करने का प्रयास हुआ। स्लोवेनिया की टीम तीन बार इंग्लैंड के गोलपोस्ट तक गेंद लेकर पहुंच सकी। इस दौरान इंग्लैंड ने चार कार्नर हासिल किए जबकि स्लोवेनिया की टीम एक कार्नर ही प्राप्त कर सकी।
मध्यांतर के बाद दोनों टीमों के बीच जोरदार संघर्ष हुआ। इस दौरान दोनों के बीच बराबरी की टक्कर हुई और इसी का नतीजा था कि इस हॉफ में एक भी गोल नहीं हो सका। इंग्लैंड को इस मैच में जीत की जरूरत थी, जो उसे मिल गई। ऐसे में फेहियो कापेलो की टीम का अंतिम-16 में पहुंचने का सपना पूरा हो गया।
खिताब का प्रबल दावेदार मानी जा रही इंग्लैंड की टीम ने शुरुआती दो मैचों में निराश किया था। उसे अपने पहले दो मुकाबलों में ड्रॉ खेलना पड़ा था। पहले मैच में उसे अमेरिका ने ड्रॉ पर रोका था जबकि दूसरे मुकाबले में अल्जीरिया ने उसे 1-1 की बराबरी पर रोका था।
वर्ष 2002 में दक्षिण कोरिया और जापान की संयुक्त मेजबानी में खेलते हुए स्लोवेनिया अपनी सभी ग्रुप मैच हार गया था लेकिन इस बार उसने शुरुआती दो मुकाबलों में जोरदार प्रदर्शन किया। हालांकि वह इस बार भी पहले दौर में ही बाहर हो गई लेकिन उसने अपने खेल से सबको प्रभावित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications