फीफा विश्व कप : खुशी के साथ गम भी लेकर विदा हुआ 'सामुराई ब्लू'
जापानी टीम को मंगलवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पराग्वे के हाथों 3-5 से हार झेलनी पड़ी। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी थीं। मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ।
मैच के बाद जापानी खिलाड़ी अपने कोच तागाशी ओकादा को दिलासा देते नजर आए। यह दृश्य जापानी टीम की मनोगाथा कहने के लिए काफी था। जापानी टीम पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के इतने करीब आकर भी दूर रह गई।
मैच के तुरंत बाद ओकादा अपने खिलाड़ियों के पास पहुंचे। खिलाड़ियों ने उन्हें सांत्वना दी। कोच ने किसी खिलाड़ी से बढ़िया खेल नहीं दिखा पाने और जीत नहीं हासिल करने को लेकर शिकायत नहीं की।
मैच में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी केंगो नाकामुरा ने कहा, "'कोच हमारे पास आए और हमें गले लगाया। उन्होंने कोई शिकायत नहीं की। उन्होंने हमसे सिर्फ इतना कहा कि विश्व कप में टीम को दूसरे दौर तक लाने के लिए आप सबका धन्यवाद।"
ओकादा ने अपने खिलाड़ियों से कहा कि बेशक दक्षिण अफ्रीका में उनके सफर का समापन हो गया हो लेकिन उन्होंने दुनिया को दिखा दिया कि उनकी टीम में बढ़िया खेलने और प्रतिस्पर्धी बने रहने का दमखम है।
ओकादा ने कहा, "मैंने पेनाल्टी शूटआउट से पहले खिलाड़ियों से इतिहास कायम करने की बात कही थी। उनका नाकाम होना दुखदाई है लेकिन मुझे इस बात का गर्व है कि हम अंत तक लड़े। हार और जीत खेल का अंग हैं और हम इसे सहर्ष स्वीकार करते हैं। हमने दिखा दिया है कि हममें भी लड़ने की क्षमता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications