फीफा विश्व कप : उरुग्वे पहुंचा अंतिम-8 में, दक्षिण कोरिया बाहर (राउंडअप)
नेल्सन मंडेला बे स्टेडियम में खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में उरुग्वे ने उम्मीद के मुताबिक खेल का प्रदर्शन करते हुए विश्व कप के अगले दौर में जगह बनाई। अगले दौर में अब उसका मुकाबला अमेरिका और घाना के बीच शनिवार देर रात खेले जाने वाले मुकाबले की विजेता टीम से आगामी दो जुलाई को इसी स्टेडियम में होगा।
उरुग्वे ने मैच के आठवें मिनट में पहला गोल दागा जबकि 80वें मिनट में दूसरा गोल दागकर दक्षिण कोरियाई टीम के खिलाफ अपनी जीत सुनिश्चित कर ली। उरुग्वे के लिए दोनों ही गोल उसके स्टार फारवर्ड खिलाड़ी लुईस सुआरेज ने किए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए सुआरेज मैन ऑफ द मैच चुने गए।
उरुग्वे ने मध्यांतर के बाद के खेल के 20 मिनट तक 1-0 से बढ़त बनाए रखा था लेकिन कोरियाई मिडफील्डर ली चुंगयोंग ने अपनी टीम के लिए पहला गोल कर मुकाबले को बराबरी पर पहुंचा दिया था। चुंगयोंग ने 68वें मिनट में यह गोल किया था।
उरुग्वे की टीम लीग मुकाबलों में ग्रुप-ए में अव्वल रही थी जबकि कोरिया की टीम इस दौर में ग्रुप-बी में दूसरे स्थान पर थी।
कोच ऑस्कर तबरेज के दिशा-निर्देशों पर उरुग्वे की टीम ने अब तक प्रतियोगिता में शानदार खेल दिखाया है। 1930 और 1950 में विश्व कप जीतने वाली उरुग्वे की टीम को मौजदा विश्व कप की सबसे संतुलित टीमों में माना जा रहा है। इसी के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए उसके खिलाड़ियों ने अपनी टीम को क्वोर्टरफाइनल में पहुंचा दिया।
दक्षिण कोरिया की टीम दूसरे दौर में पहुंचकर पहले ही अपना प्रारंभिक लक्ष्य पा लिया था। उसके लिए इस मैच में गंवाने के लिए कुछ भी नहीं था क्योंकि विदेशी जमीन पर अब तक हुए विश्व कप आयोजनों में पहली बार उसकी टीम दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रही।
उरुग्वे और कोरिया के बीच खेले जा रहे आज के मैच की विजेता टीम आज देर रात अमेरिका और घाना के बीच खेले जाने वाले मुकाबले की विजेता टीम से आगामी दो जुलाई को इसी स्टेडियम में भिड़ेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications