'सुपर' सायना ने जीती खिताबी हैट्रिक, बधाइयों का तांता (राउंडअप)
विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त सायना ने न सिर्फ इंडोनेशियन ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब अपने पास रखा बल्कि पिछले 21 दिनों में लगातार तीसरी खिताबी जीत हासिल की।
सायना ने भारत में आयोजित इंडियन ओपन ग्रां पी और सिंगापुर में इसी महीने आयोजित सिंगापुर सुपर सीरीज खिताब जीता था। सायना ने 2009 में इंडोनेशियन ओपन का खिताब जीता था। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय बनीं थीं।
बहरहाल, सायना ने रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में जापान की खिलाड़ी सायका सातो को 45 मिनट के भीतर 21-19, 13-21, 21-11 से पराजित कर अपना खिताब बरकरार रखा। सातो विश्व की 26वीं वरीय महिला खिलाड़ी हैं। इस प्रतियोगिता के लिए सायना को सर्वोच्च वरीयता दी गई थी।
सायना ने इसी सप्ताह विश्व की तीसरी वरीय खिलाड़ी होने का गौरव हासिल किया था। सिंगापुर ओपन में शानदार प्रदर्शन के बाद सायना ने तीन स्थान की छलांग लगाते हुए अपनी अब तक की सर्वोच्च वरीयता हासिल की है।
इस क्रम में सायना ने तीन चीनी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा था। इस सप्ताह जारी होने वाले वरीयता क्रम में सायना के दूसरे क्रम पर पहुंच जाने की उम्मीद है। चीन की खिलाड़ी वांग यिहान विश्व की सर्वोच्च वरीय महिला खिलाड़ी हैं।
यिहान सहित कई वरीय खिलाड़ी इंडोनेशिया ओपन में इस वर्ष नहीं खेले लेकिन इसके बावजूद सायना के लिए यह बड़ी सफलता मानी जा रही है।
खिताबी जीत ने 2010 राष्ट्रमंडल खेलों और 2012 में लंदन में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिहाज से सायना को भारत की सबसे बड़ी उम्मीद के तौर पर पेश किया है। सायना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीजिंग ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सायना को उनकी इस शानदार सफलता पर बधाई दी है। जी-20 देशों के सम्मेलन में हिस्सा लेने टोरंटो पहुंचे प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा, "सायना ने अपनी उर्जा, इच्छाशक्ति और कला के दम पर यह खिताब जीता है। उन्होंने अपनी इस सफलता से देश का नाम रोशन किया है।"
सायना द्वारा तीन हफ्तों में तीसरी कामयाबी हासिल करने की खुशी से फूले नहीं समा रहे उनके अभिभावकों ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर नाज है। उसकी जीत ने यह साबित कर दिया है कि भारत में महिलाएं खेल जगत में भी अपना परचम लहरा रही हैं।
सायना के पिता हरवीर सिंह ने भावुक स्वर में कहा, "भारतीय महिलाएं तरक्की कर रही है और सायना ने पूरी दुनिया को दिखा दिया है कि वह उन देशों को मात दे सकती हैं जो बैडमिंटन का गढ़ माने जाते हैं।"
यह पूछे जाने पर कि जब सायना दूसरा सेट हार गई तो क्या उन्हें कुछ घबराहट हुई थी, सिंह ने कहा, "मैं कुछ घबरा तो गया था लेकिन मुझे यकीन था कि सायना इससे उबर जाएगी। क्योंकि इससे पहले भी वह हारने के बाद सशक्त होकर सामने आती रही है।"
सायना की मां ऊषा नेहवाल फोन पर मित्रों और रिश्तेदारों की बधाइयां स्वीकार करने में व्यस्त थीं।
ऊषा ने कहा, "सातो बहुत तेज खेलीं लेकिन सायना ने लय बनाए रखी और अच्छे स्ट्रोक्स खेले। जब वह घर लौटेगी तो हम उसका भव्य स्वागत करेंगे।"
लगातार तीसरा खिताब जीतने से नेहवाल के कोच और पूर्व ऑल इंग्लैड चैम्पियन पुलेला गोपीचंद गदगद हैं। गोपीचंद ने सायना की इस सफलता को अतुलनीय और शानदार करार दिया है।
हैदराबाद में बैडमिंटन अकादमी चलाने वाले भारत की राष्ट्रीय बैडमिंटन टीम के कोच गोपीचंद ने कहा, "यह जीत शानदार है। मैंने आज तक किसी खिलाड़ी को तीन सप्ताह में लगातार तीन खिताब जीतते नहीं देखा। सायना लगातार 15 मैच जीत चुकी हैं और यह एक महान उपलब्धि है। मैंने मैच के बाद उनसे बात की है। वह खुश हैं लेकिन थोड़ी थकी हुई हैं।"
बॉलीवुड के सितारों ने भी 20 वर्षीय सायना नेहवाल की प्रशंसा की झड़ी लगा दी है। जीत पर सायना को बधाई देते हुए अनुपम खेर ने ट्विटर पर कहा, "आज सायना देश की सर्वाधिक केंद्रित खेल हस्ती हैं और उन्होंने इसे दिखाया है। उम्मीद है कि विज्ञापन जगत उनके जीवन और खेल पर कब्जा नहीं करेगा।"
अभिषेक बच्चन ने सायना को बधाई देते हुए लिखा, "आगे बढ़ो लड़की।"
भारतीय रग्बी टीम के सदस्य रहे अभिनेता राहुल बोस ने कहा कि यदि आप उसके बारे में पढ़ेंगे तो आपको उसकी कड़ी मेहनत और उसके परिवार के त्याग का पता चलेगा।
शिल्पा शेट्टी ने लिखा कि अपने देश की लड़कियों को खेल की दुनिया में आगे देखकर अच्छा लगता है।
अपने बैडमिंटन प्रेम को स्वीकार करते हुए फिल्म निर्माता करन जौहर ने लिखा, "सायना नेहवाल यशस्वी हों। मैंने उसके अभिभावकों के चेहरे गर्व का जो भाव देखा वह विजय से परे है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications