मुरली ने अंतर्राष्ट्रीय मैचों में फेंकी हैं 62436 गेंदें
नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। गॉल अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में भारत के साथ खेले गए पहले टेस्ट मैच के साथ टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने वाले श्रीलंकाई स्पिनर मुथैया मुरलीधरन ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में अब तक कुल 62436 गेंदें फेंकी हैं।
मुरली के नाम टेस्ट मैचों में सर्वाधिक गेंदें फेंकने का रिकार्ड है। यह अचरज की बात नहीं कि टेस्ट मैचों में 44039 गेंदें फेंकने के बाद मुरली ने 800 विकेट हासिल किए हैं। इस क्रम में भारत के अनिल कुंबले 40850 गेंदों के साथ दूसरे क्रम पर हैं। कुंबले के नाम 619 विकेट दर्ज हैं।
टेस्ट क्रिकेट में 40 हजार से अधिक गेंदें फेंकने वाले गेंदबाजों के क्लब में आस्ट्रेलिया के स्टार स्पिनर शेन वार्न का भी नाम है। वार्न ने 2007 में संन्यास लेने से पहले तक टेस्ट मैचों में 40705 गेंदें फेंकते हुए कुल 708 विकेट झटके हैं।
एक समय सर्वाधिक टेस्ट विकेटों का रिकार्ड वार्न के नाम था लेकिन उनके संन्यास लेने के बाद मुरली ने न सिर्फ उनका रिकार्ड तोड़ा बल्कि 800 विकेट लेकर एक मील का पत्थर स्थापित किया। खुद वार्न कह चुके हैं कि मुरली का यह रिकार्ड तोड़ना किसी के बूते की बात नहीं।
मुरली ने एकदिवसीय मैचों में 18169 गेंदें फेंकी हैं। उनके नाम सर्वाधिक 515 विकेट दर्ज हैं। इस सूची में पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वसीम अकमल पहले स्थान पर हैं। अकरम ने एकदिवसीय मैचों में 502 विकेट झटके हैं। 500 विकेटों का आंकड़ा पार करने वाले वह पहले गेंदबाज बने थे।
संन्यास के बाद ट्वेंटी-20 मैचों में खास रूचि दिखाने मुरली ने क्रिकेट की इस नई विधा में अब तक कुल 11 मैचों में 258 गेंदें फेंकी है और 13 विकेट हासिल किए हैं। 38 वर्ष के हो चुके मुरली ने कहा है कि वह 2011 विश्व कप के साथ-साथ ट्वेंटी-20 क्रिकेट खेलते रहना चाहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications