टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 17.1 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 129 रन बना लिए।
इंग्लैंड की ओर से स्टीव डेविस ने 33, ईयॉन मोर्गन ने नाबाद 38 और माइकल यार्डी ने नाबाद 35 रनों का योगदान दिया।
इसके अलावा किसवेटर ने 6, रवि बोपारा ने 11, पॉल कोलिंगवुड ने चार रन बनाए जबकि ल्यूक राइट शून्य पर आउट हुए।
पाकिस्तान के गेंदबाजों में शोएब अख्तर और शाहिद अफरीदी को दो-दो विकेट जबकि उमर गुल को एक विकेट मिला।
इससे पहले टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 126 रन ही बना सकी।
मैच के दूसरे ही ओवर में पाक टीम को कामरान अकमल के रूप में पहला झटका लगा। वह चार गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सातवें ओवर में मोहम्मद यूसुफ के रूप में उसे दूसरा झटका लगा। उन्होंने 18 गेंदों पर 26 रन बनाए।
इंग्लैंड के गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के चलते पाकिस्तानी बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके। पाक के लिए उमर अकमल ने सर्वाधिक 35 रनों की पारी खेली। कप्तान शाहिद अफरीदी ने 14 गेंदों पर 16 रन बनाए और वह अंत तक नाबाद रहे।
इंग्लैंड की ओर से स्वान ने दो जबकि टीम ब्रेसनन और माइकल यार्डी ने एक-एक विकेट हासिल किए।
लॉर्ड्स में खेले गए चौथे टेस्ट मैच के दौरान सामने आई मैच फिक्सिंग की सनसनीखेज घटना के बाद दोनों टीमों के बीच यह पहला मैच हुआ।
दो मैचों की इस श्रृंखला के लिए पाकिस्तानी टीम की कमान शाहिद अफरीदी के हाथ में है जबकि इंग्लैंड की कप्तानी पॉल कोलिंगवुड कर रहे हैं।
फिक्सिंग के घेरे में आए पाकिस्तान के तीन खिलाड़ी-मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद आमेर और टेस्ट कप्तान सलमान बट्ट इस मैच में नहीं खेल सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।