जोहांसबर्ग के न्यू वांडर्स मैदान पर खेले जा रहे इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस टीम की कमान महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के हाथों में है जबकि लायंस क्लब की कप्तानी की जिम्मेदारी दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी अल्विरो पीटरसन कर रहे हैं।
टॉस के लिए दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा भी मैदान के बीचोबीच पहुंचे। जुमा ने टॉस के लिए सिक्का उछालने से पहले कहा कि दक्षिण अफ्रीका उन चुनिंदा देशों में से एक है, जहां ओलंपिक को छोड़कर अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सभी खेल आयोजन हो चुके हैं। जुमा ने साथ ही चैम्पियंस लीग में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
वर्ष 2009 में भारत में आयोजित चैम्पियंस लीग का पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था। इसके बाद इसने खुद को शोहरत की बुलंदियों को छू चुकी आईपीएल के बाद विश्व क्रिकेट की सबसे लोकप्रिय गैर आधिकारिक ट्वेंटी-20 प्रतियोगिता के तौर पर स्थापित किया है।
पहले संस्करण में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार कुल 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है। पिछले वर्ष आस्ट्रेलियाई टीम न्यू साउथ वेल्स ने वेस्टइंडीज की घरेलू चैम्पियन टीम त्रिनिदाद एवं टोबैगो को हराकर खिताब जीता था।
चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, वेस्टइंडीज से गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्ट्रेलिया से साउथ आस्ट्रेलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
10 टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में चेन्नई सुपर किंग्स, वारियर्स, विक्टोरिया, सेंट्रल डिस्ट्रिक्स और वायंबा को रखा गया है जबकि ग्रुप बी में मुंबई इंडियंस, लायंस, साउथ आस्ट्रेलिया, रॉयल चैलेंजर्स और गयाना की टीमें हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।