अमेरिकी ओपन : पेस और भूपति का शानदार सफर जारी, फेडरर भी बढ़े (राउंडअप)
पेस और चेक गणराज्य के उनके जोड़ीदार लुकास डुल्ही ने सेमीफाइनल में अमेरिका के ब्रायन बंधु-बॉब और माइक की जोड़ी को मात दी। दूसरी ओर, एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में भूपति और बहामास के मार्क नोल्स की जोड़ी ने बेलारूस के मैक्स मिर्नी और इजरायल के एंडी रैम की जोड़ी को पराजित किया।
चौथी वरीयता प्राप्त पेस और डुल्ही की जोड़ी ने ब्रायन बंधुओं को बुधवार को 6-4, 3-6, 7-6 (8-6) से पराजित किया जबकि भूपति-नोल्स ने मिर्नी और रैम को 6-4, 6-2 से मात दी। पेस जिम्बाब्वे की अपनी जोड़ीदार कारा ब्लैक के साथ पहले ही अमेरिकी ओपन के मिश्रित युगल मुकाबले के फाइनल में पहुंच चुके हैं।
उधर, फेडरर अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। फेडरर ने बुधवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्वीडन के रोबिन सोल्डरलिंग को पराजित किया।
इस सत्र में बिना हारे लगातार 12वीं जीत हासिल करने वाले फेडरर ने सोल्डरलिंग को 6-0, 6-3, 6-7 (6-8), 7-6 (8-6) से पराजित किया। लगातार छठे अमेरिकी ओपन खिताब के लिए प्रयासरत फेडरर ने मैच के दौरान कुल 28 एस लगाए और चार बार सोल्डरलिंग की सर्विस ब्रेक की।
2003 के बाद से फेडरर न्यूयार्क में लगातार 39 मैच जीत चुके हैं। वर्ष 2003 में खेले गए अमेरिकी ओपन में फेडरर को डेविड नेलबैंडियन के हाथों चौथे दौर में हार का सामना करना पड़ा था। फेडरर अपने करियर में लगातार 22वां ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल खेलेंगे। उनकी भिड़ंत चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविक से होगी।
जोकोविक ने बुधवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल में स्पेन के चोटिल खिलाड़ी फर्नाडो वर्दास्को को 7-6 (7-2), 1-6, 7-5, 6-2 से पराजित किया। मैच के दौरान जोकोविक ने 10 एस लगाए और दो बार वर्दास्को की सर्विस ब्रेक की। न्यूयार्क में जोकोविक ने अब तक कुल 24 मैच खेले हैं, जिनमें से 20 में उनकी जीत हुई है।
जीत के बाद जोकोविक ने कहा, "मुझे इस जीत से काफी राहत मिली है। आशा है कि मैं अच्छा खेलना जारी रखूंगा और सेमीफाइनल में रोजर फेडरर को चुनौती दे सकूंगा।"
महिला वर्ग में अमेरिका की युवा टेनिस सनसनी मेलाने ऑडिन का सुहारा सफर खत्म हो गया है। ऑडिन को बुधवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क की केरोलिन वोजनिएस्की ने पराजित किया।
19 साल की वोजनिएस्की ने ऑडिन को 6-2, 6-2 से पराजित किया। वह अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल में स्थान बनाने वाली डेनमार्क की पहली महिला टेनिस खिलाड़ी हैं। वह इस सत्र में अब तक 61 मैच जीत चुकी हैं।
बुधवार को खेले गए एक अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबले में यानीना विकमायेर भी जीत हासिल करने में सफल रहीं। विकमायेर ने कैटरीना बोंडारेंको को 7-5, 6-4 से हराया। विकमायेर भी पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में पहुंची हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications