एशियाई खेलों के ग्रुप बी में यह भारत की लगातार तीसरी जीत है. इससे पहले भारतीय टीम ने हॉन्गकॉन्ग को 7-0 से और बांग्लादेश को 9-0 से हराया था. संदीप सिंह ने दो पेनॉल्टी कॉर्नर को गोल में बदला जबकि धरमवीर सिंह ने एक मैदानी गोल कर भारत को जीत दिलाई. पाकिस्तान की ओर से दो गोल शकील अब्बासी और रहमान बट्ट ने किए.
इस ग्रुप में भारत को अपना आख़िरी मैच जापान के साथ खेलना है. हालांकि आज की जीत के बाद भारत इस ग्रुप में सबसे ज़्यादा अंकों के साथ शीर्ष पर है. भारत और पाकिस्तान की टीमें इस साल तीन बार पहले भी भिड़ चुकी हैं और तीनों ही बार जीत भारत को मिली थी. साल की शुरुआत में भारत में हुए हॉकी विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया था. इसके बाद सुल्तान अज़लान शाह कप प्रतियोगिता में भारत को 4-2 से जीत मिली.
भारत की सबसे बड़ी जीत राष्ट्रमंडल खेलों में थी जहाँ उसने पाकिस्तान को 7-4 से हराकर सेमीफ़ाइनल में प्रवेश किया था. ऐसे में भारत पाकिस्तान का मैच ही एशियाड में इस पूल से आगे बढ़ने वाली टीम का फ़ैसला कर सकता है. हॉकी में ही महिलाओं का भी मैच होना है जहां वो कज़ाक़िस्तान के विरुद्ध खेलेंगी.