सेंचुरियन, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी में स्थानीय सुपरस्पोर्ट पार्क मैदान पर बुधवार को खेले जा रहे एक अहम मुकाबले में पाकिस्तान द्वारा दिए 206 रनों के लक्ष्य के जवाब में खेलने उतरी आस्ट्रेलिया की टीम ने 37 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 157 रन बना लिए। आस्ट्रेलिया के बल्लेबाज कैमरून व्हाइट शून्य और माइकल हसी 58 रन बनाकर खेल रहे हैं।
आस्ट्रेलिया का पहला विकेट वाटसन (24) के रूप में गिरा। उमर गुल की गेंद पर कामरान अकमल उन्हें कैच आउट किया। टीडी पैने (29) को शाहिद अफरीदी ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद कप्तान रिकी पोंटिंग 32 और कैलम फार्गूसन सात रन बनाकर आउट हुए। पोंटिग शोएब मलिक की गेंद पर उमर गुल को कैच थमा बैठे। सईद अजमल ने फार्गूसन को बोल्ड कर दिया।
इससे पहले पाकिस्तानी टीम ने 50 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए। इस मैच में पाकिस्तानी टीम की जीत से ही टूर्नामेंट में भारत का भविष्य तय होगा।
आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। कामरान अकमल के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे शाहिद अफरीदी ने संभलकर खेलना आरंभ किया लेकिन मिशेल जॉनसन की गेंद पर वह चकमा खा गए। वह 15 रन बनाकर पेवेलियन लौटे।
अफरीदी के आउट होने के बाद कप्तान यूनुस खान और अकमल भी पेवेलियन लौट गए। अकमल ने 44 रनों की पारी खेली। यूनुस ने 18 रन बनाए। शोएब मलिक 27 रन बनाकार आउट हुए। मोहम्मद यूसुफ ने 45 और मिसबाह-उल-हक ने 41 रन बनाए।
भारत और आस्ट्रेलिया दोनों के लिहाज से बेहद अहम इस मैच के लिए पाकिस्तानी टीम में तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ और बल्लेबाज मिसबाह-उल-हक को जगह दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।