समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक अपने करियर के लगातार छठे खिताब के लिए प्रयासरत विश्व के सर्वोच्च वरीय खिलाड़ी फेडरर ने रविवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में विश्व के चौथे वरीय खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविक को पराजित किया।
फेडरर ने यह मैच 7-6 (7-3), 7-5, 7-5 से जीता। दूसरी ओर, पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने की राह में पोट्रो ने तीसरे वरीय खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल को आसानी से 6-2, 6-2, 6-2 से पराजित किया।
पेट की मांसपेशियों में खिंचाव से परेशान नडाल ने मैच के बाद कहा, "मेरे लिए यह कठिन दिन रहा। पोट्रो ने अच्छा खेल दिखाया। वह मुझसे बहुत अच्छा खेले। पहले और दूसरे सेट में मेरे पास वापसी का मौका था लेकिन बाद में थकान और चोट मुझ पर हावी हो गई। मैं उन्हें जीत की बधाई देता हूं।"
फेडरर अपने करियर के 16वें ग्रैंड स्लैम खिताब के लिए खेलेंगे जबकि पोट्रो ग्रैंड स्लैम में खाता खोलना चाहेंगे। इस सत्र में फेडरर पहले ही दो ग्रैंड स्लैम-विंबलडन और फ्रेंच ओपन जीत चुके हैं। फेडरर ने इस साल मई में पेरिस में पहली बार फ्रेंच ओपन खिताब जीता था।
पोट्रो किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में जगह बनाने वाले छठे अर्जेटीनी खिलाड़ी हैं। इससे पहले गुलिरेमो विलास, गुलिरेमो कोरिया, गास्टन गाउडियो, मैरियानो प्यूत्रा और डेविड नलबैंडियन फाइनल में पहुंच चुके हैं। विलास ने 1977 में अमेरिकी ओपन जीता था। उस समय यह टूर्नामेंट क्ले कोर्ट पर खेला जाता था।
इस सत्र में 48 जीत दर्ज कर चुके पोट्रो ने नडाल को हराने के बाद कहा, "यह मेरे करियर का अब तक का सबसे अच्छा मैच है।" पोट्रो इस सत्र में 11 मुकाबले हार चुके हैं लेकिन इस बार वह अपनी 49वीं जीत के साथ पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतना चाहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*