इस महीने की 22 तारीख से होने वाली इस प्रतियोगिता के अंतर्गत भारत को अपना पहला अभ्यास मैच रविवार को न्यूजीलैंड के साथ खेलना है। भारतीय टीम का पहला लीग मैच 26 सितंबर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ होना है।
'मिनी विश्व कप' नाम से मशहूर इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें शिरकत करेंगी। 2006 में भारत में खेली गए प्रतियोगिता के पिछले अंक में आस्ट्रेलिया ने खिताबी जीत हासिल की थी।
महेंद्र सिंह धौनी की टीम इस प्रतियोगिता में विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त एकदिवसीय टीम के हैसियस से हिस्सा लेगी। यह प्रतियोगिता जीतकर भारतीय टीम एक महीने के भीतर दूसरी बार एकदिवसीय टीमों की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच सकती है।
एक सप्ताह के भीतर भारत ने काफी उतार-चढ़ाव देखा है। श्रीलंका में आयोजित कॉम्पैक कप के पहले लीग मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर भारतीय टीम पहले पायदान पर पहुंची थी लेकिन 24 घंटे बाद श्रीलंका के हाथों मिली हार के बाद उसकी बादशाहत छिन गई थी।
भारतीय टीम तीसरे स्थान पर खिसक गई थी। कॉम्पैक कप के फाइनल में श्रीलंका को हराकर भारतीय टीम ने एक बार फिर अपनी स्थिति सुधारी और दूसरे पायदान पर पहुंच गई लेकिन वहां उसे एक सप्ताह से भी कम समय तक रहने का मौका मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।