ज्वाला-दिजू की जोड़ी ने इतिहास रचा
ज्वाला गट्टा और वी दिजू की भारतीय जोड़ी ने चीनी ताइपे ग्रां प्री बैडमिंटन टूर्नामेंट का मिक्स्ड डबल्स ख़िताब जीत लिया है.उन्होंने इस मुक़ाबले में हेंद्रा अप्रिदा गुनावन और विटा मेरिसा की इंडोनेशियाई जोड़ी को लगातार गेमों में 24-22, 21-18 से हराकर नया इतिहास रच दिया.
इसके साथ ही ज्वाला और दिजू ने किसी ग्रां प्री टूर्नामेंट का मिक्स्ड डबल्स ख़िताब जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी बनने की उपलब्धि हासिल कर ली है. भारतीय जोड़ी ने फ़ाइनल मैच की शुरुआत जोरदार तरीके से की और देखते ही देखते 15-9 की बढ़त बना ली.
वापसी
लेकिन इंडोनेशियाई जोड़ी ने लगातार पांच अंक जीतकर मुक़ाबले में जबर्दस्त वापसी की और स्कोर को 15-14 कर दिया. लेकिन ज्वाला और दिजू ने पहला गेम 24-22 से जीत लिया. दूसरे गेम की शुरुआत पहले गेम के ठीक उलट हुई और इसमें इंडोनेशियाई जोड़ी ने एक समय 13-9 की बढ़त बना ली.
लेकिन ज्वाला और दिजू ने लगातार छह अंक जीते और स्कोर बराबरी पर पहुंच गया. इसके बाद ज्वाला और दिजू ने इस गेम को भी 21-18 से जीतकर ख़िताब अपने नाम कर लिया.
यह भारत की नंबर एक मिश्रित युगल जोड़ी का पहला ग्रां प्री ख़िताब है. उल्लेखनीय है कि भारत की शीर्ष महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल ने भी कुछ महीनों पहले इंडोनेशियन ग्रां प्री जीतकर ऐसी ही उपलब्धि हासिल की थी.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
