नई दिल्ली। चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 4-0 हराकर विजयी आगाज करने वाली भारतीय टीम ने अपने दूसरे मैच में ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना को करारी शिकस्त दी है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी के अपने दूसरे मुकाबले में ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना को 2-1 से मात देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। विजेता भारतीय टीम के लिए हरमनप्रीत सिंह और मंदीप सिंह ने एक-एक गोल किया, जबकि अर्जेंटीना की ओर से गोंजालो पीलाट के नाम एक गोल रहा। इसके साथ ही भारत ने पूर्व कप्तान सरदार सिंह को 300वें मुकाबले में जीत का तोहफा दे दिया। इससे पहले भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 4-0 से चित करते हुए जोरदार आगाज किया।
पहले क्वार्टर की शुरुआत दोनों टीमों ने धीमी की और किसी तरह की जल्दबाजी में नहीं दिखीं। भारत ने हालांकि धीरे-धीरे अर्जेंटीना के घेरे में जाना शुरू किया। उसे चौथे मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिल सकता था, जिसे अर्जेंटीना ने रेफरल लेकर नकार दिया। अर्जेंटीना कुछ देर बाद लय में आई और उसे 11वें मिनट में लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले जिसे उसने जाया कर दिया। पहले क्वार्टर का अंत बिना गोल के हुआ।
हालांकि दूसरे क्वॉर्टर में 17वें मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे हरमनप्रीत ने गोल में बदल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाने में कोई गलती नहीं की। 20वें मिनट में अर्जेंटीना ने लगभग गोल कर ही दिया था, जिसे श्रीजेश ने अच्छा बचाव करते हुए नाकाम दिया। अर्जेंटीना बराबरी का गोल करने को बेताब दिख रहा था।
हालांकि 28वें मिनट में मंदीप ने दिलप्रीत के पास पर शानदार गोल किया। अर्जेंटीना को अगले मिनट पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस बार गोंजालो पीलाट गोल करने में कामयाब रहे। दूसरे क्वॉर्टर के अंत तक स्कोर भारत के पक्ष में 2-1 था। तीसरे क्वॉर्टर की शुरुआत में दोनों टीमें धीमा खेल खेल रही थीं, लेकिन अंत तक आते दोनों ने कुछ अच्छे मूव बनाए।