चैम्पियंस ट्रॉफी: यूनुस ने कहा, ट्रॉफी हमारी है
जोहांसबर्ग, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जगह बना चुकी पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान यूनुस खान का कहना है कि 'चैम्पियंस ट्रॉफी हमारी है और पाकिस्तान इसका सबसे बड़ा हकदार है।'
उल्लेखनीय है कि यह चैम्पियंस ट्रॉफी पिछले वर्ष पाकिस्तान में होने वाली थी लेकिन सुरक्षा कारणों से कई टीमों ने वहां खेलने से मना कर दिया। इसके बाद इसकी मेजबानी दक्षिण अफ्रीका को सौंप दी गई।
पाकिस्तान के प्रमुख समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक यूनुस ने रविवार को संवाददाताओं से कहा, "पहले यह ट्रॉफी पाकिस्तान में होने वाली थी। हम इसके असली मेजबान थे। मेरा मुल्क इस ट्रॉफी को वापस चाहता है। हम इस ट्रॉफी को वापस अपने मुल्क ले जाने के लिए 100 फीसदी कोशिश करेंगे।"
भारत के खिलाफ शनिवार को मैच में मिली जीत के लिए पाकिस्तानी कप्तान ने टीम के बल्लेबाजों मुख्य रूप से शोएब मलिक और मोहम्मद यूसुफ को सराहा। उन्होंने कहा, "हमें मलिक और यूसुफ की वजह से जीत मिली। दोनों की पारियों से हमारे मनोबल में काफी इजाफा हुआ।"
गौरतलब है कि पाकिस्तान ने भारत को 54 रनों से हरा दिया था। पाकिस्तान की इस जीत में मलिक के शतक और यूसुफ के अर्धशतक ने अहम भूमिका निभाई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications