नेहरू कप : भारत और सीरिया के बीच खिताबी मुकाबला आज
दो साल पहले भारत ने सीरिया को ही हराकर इस खिताब पर कब्जा किया था। उस समय हालात भले ही भारत के पक्ष में थे लेकिन इस बार सीरियाई टीम बदली हुई मानसिकता और भारत से हिसाब चुकाने के दृढ़ इरादे के साथ यहां पहुंची है।
इसी का नतीजा है कि सीरिया की टीम राउंड रोबिन लीग में अजेय रही। ऐसे में घरेलू प्रशंसकों की मौजूदगी में होने वाले इस मैच के दौरान भारत के लिए खिताब की जंग किसी भी लिहाज से आसान नहीं होगी।
राउंड रोबिन लीग में भारत ने दो मैच जीते जबकि दो में उसे हार मिली जबकि सीरिया की टीम अजेय रही। भारतीय टीम को दूसरी टीमों के बीच हुई जंग का फायदा मिला और वह श्रीलंका पर मिली जीत के बाद ही फाइनल में पहुंच गई थी।
भारत और सीरिया की टीमों के बीच अंतिम लीग मैच खेला गया, जिसमें भारतीय टीम को 0-1 से हार मिली। इस मैच के जरिए दोनों टीमों ने एक दूसरे को जांचा, परखा और काफी हद तक यह जानने की कोशिश की कि फाइनल को लेकर उन्हें क्या-क्या तैयारियां करनी होंगी।
अंतिम लीग मैच में मिली जीत के बाद निश्चित तौर पर सीरिया का मनोबल बढ़ा हुआ है लेकिन खिताबी मुकाबले के दौरान भारत को कमतर आंकना उसे दो साल पहले की तरह महंगा पड़ सकता है। इस लिहाज से सीरिया की टीम काफी सावधानी के साथ मैदान में उतरना चाहेगी।
एक दिन के आराम के बाद भारतीय कप्तान बाइचुंग भूटिया तरोताजा होकर मैदान में उतरेंगे। भूटिया का जबरदस फार्म में होना भारत के लिए फायदेमंद हो सकता है। 100 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल चुके भूटिया अपनी कप्तानी में लगातार दूसरी बार अपने देश को यह खिताब दिलाने के लिए बेताब होंगे।
इसके अलावा भारतीय टीम को स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। भूटिया और छेत्री के अलावा स्टीवन डियास और सुकुमार सिंह काफी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकते हैं।
साथ ही क्लइमेक्स लॉरेंस, एन.पी. प्रदीप और रेनेडी सिंह को अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा। कोच बॉब हॉटन चाहेंगे कि इस मैच के जरिए एंथोनी परेरा अच्छी शुरुआत करें। हॉटन को इन खिलाड़ियों पर काफी भरोसा है और यही कारण है कि वह फाइनल मैच को लेकर काफी उम्मीदें पाले हुए हैं।
भारतीय टीम को अंतिम समय में गोल खाने की कमजोरी से उबरना होगा। साथ ही साथ अग्रिम पंक्ति को मिल-जुलकर आक्रमण करना होगा क्योंकि सीरिया की रक्षापंक्ति काफी मजबूत है।
खिताबी मुकाबला सोमवार को अंबेडकर स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के खेल चैनल पर भारतीय समयानुसार शाम 6.30 बजे से होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications