पूर्णकालिक तौर पर नाइट राइर्ड्स से नहीं जुड़ना चाहते अकरम
कराची, 25 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान वसीम अकरम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने वाली कोलकाता नाइट राइर्ड्स के पूर्णकालिक कोच बनने के इच्छुक नहीं हैं।
अकरम ने कहा है कि वह आईपीएल के दूसरे संस्करण में खराब प्रदर्शन करने वाली इस टीम के गेंदबाजी कोच बनने के बारे में जरूर सोच सकते हैं।
अकरम के करीबी सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि नाइट राइर्ड्स प्रबंधन आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कोच जॉन बुकानन के स्थान पर अकरम को टीम का नया प्रमुख कोच बनाने के बारे में सोच रहा है।
सूत्र ने कहा, "अकरम नाइट राइर्ड्स टीम के कोच बनने की दौड़ में शामिल हैं। इसे लेकर वह रोमांचित हैं लेकिन उनकी ज्यादा रुचि गेंदबाजी सलाहकार के तौर पर टीम के साथ जुड़ने में है। वह इस टीम के साथ पूर्णकालिक कोच के तौर पर नहीं जुड़ना चाहते।"
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच रह चुके न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जॉन राइट 2010 में होने वाले आईपीएल के तीसरे संस्करण के लिए कोच नियुक्त किए जा सकते हैं।
अकरम और राइट के अलावा कोच पद की दौड़ में श्रीलंका के पूर्व कोच रह चुके रिचर्ड पायबस और इंग्लैंड टीम के पूर्व कप्तान डंकन फ्लेचर भी शामिल हैं।
विश्व क्रिकेट के सबसे सफल बाएं हाथ के गेंदबाज माने जाने वाले अकरम फिलहाल टीवी कमेंटरी में व्यस्त हैं। यही कारण है कि उनके लिए पूर्णकालिक तौर पर किसी टीम के साथ जुड़ना संभव नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications