नई दिल्ली। पुरुष हॉकी विश्व कप में पाकिस्तान हॉकी टीम को गुरूवार को दोहरा झटका लगा जब उसके कप्तान मोहम्मद रिजवान चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गये। दूसरा झटका तब लगा जब उप कप्तान अहमद बट पर गलत तरीके से टैकल करने के लिये एक मैच का प्रतिबंध लगाया गया। इस प्रतिबंध को पक्षपाती बताते हुए पाकिस्तानी टीम प्रबंधन ने इसके खिलाफ अपील की है। टीम के मैनेजर हसन सरदार ने अंतरराष्ट्रीय हाकी महासंघ (एफआईएच) के फैसले को पक्षपातपूर्ण बताया है।
बता दें कि मलेशिया ने बुधवार को 1-1 से ड्रा छूटे मैच में गलत तरीके से टैकल करने के लिये एफआईएच के पास शिकायत दर्ज करायी थी जिसके बाद बट पर एक मैच का प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया।
सरदार ने जारी किए गए वीडियो में इस फैसले को नागवार बताया है। उन्होंने कहा कि ''रिजवान सीनियर की उंगली में फ्रैक्चर हो गया है और वह टूर्नामेंट में आगे नहीं खेल पाएंगे। बट के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, ''जहां तक अहमद बट का सवाल है तो हमें कल नहीं बताया गया कि मलेशिया ने अपील की है। अगर हम वीडियो देखें तो उसमें कुछ भी गलत नजर नहीं आता है।